वाराणसी से दिल्ली का सफर अब आठ घंटे में
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को सीएम योगी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी
वाराणसी। काशी के रेल इतिहास में शनिवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। बनारस रेलवे स्टेशन से वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छात्रों से मुलाकात की और उनसे बातचीत की। कार्यक्रम में रेल मंत्री ने उत्तर भारत के लिए बुलेट ट्रेन के नॉर्थ कॉरिडोर को मंजूरी मिलने की घोषणा कर पूर्वांचल को बड़ी सौगात दी।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे का तेजी से आधुनिकीकरण हो रहा है। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से काशी और देश की राजधानी के बीच रात्रिकालीन यात्रा अधिक आरामदायक और सुविधाजनक होगी। यह सेवा विद्यार्थियों, व्यापारियों, पर्यटकों और नौकरीपेशा लोगों के लिए उपयोगी साबित होगी।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से वाराणसी से दिल्ली की यात्रा लगभग आठ घंटे में पूरी होगी। ट्रेन वाराणसी से प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद होते हुए नई दिल्ली पहुंचेगी। ट्रेन वाराणसी से रात 8:50 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:10 बजे दिल्ली पहुंचेगी। यह सेवा सप्ताह में छह दिन संचालित होगी।
रेल मंत्री ने कहा कि मौजूदा शिवगंगा एक्सप्रेस की तुलना में नई ट्रेन से वाराणसी से दिल्ली की यात्रा में 55 मिनट और दिल्ली से वाराणसी की यात्रा में 35 मिनट की बचत होगी।
बुलेट ट्रेन से दिल्ली से काशी पहुंचेंगे साढ़े तीन घंटे में
रेल मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुलेट ट्रेन के नॉर्थ कॉरिडोर को मंजूरी दी है। प्रस्तावित कॉरिडोर दिल्ली से शुरू होकर आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या और वाराणसी होते हुए आगे पटना तथा गुवाहाटी तक जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने पर दिल्ली से आगरा की यात्रा 59 मिनट, कानपुर की एक घंटा 45 मिनट, लखनऊ की दो घंटे 12 मिनट और वाराणसी की लगभग तीन घंटे 33 मिनट में पूरी हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि बुलेट ट्रेन परियोजना से उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल में आवागमन के साथ व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
मेमू ट्रेनों की भी मिली सौगात
कार्यक्रम में वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों के लिए नई मेमू रेल सेवाओं की भी शुरुआत की गई। इससे स्थानीय यात्रियों और विद्यार्थियों को आवागमन में राहत मिलेगी। विद्यार्थियों के लिए वाराणसी सिटी से राजातालाब तक 95 रुपये तथा बनारस से प्रयागराज रामबाग तक 220 रुपये का मासिक पास उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित जनप्रतिनिधि, रेलवे के अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

