दोस्त ने पांच किलो के गैस सिलेंडर से सिर कूचकर की युवक की हत्या, पैसे के लेन-देन को लेकर था विवाद
वाराणसी (जनवार्ता)। आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया घाट पर शनिवार रात आपसी विवाद में एक युवक की उसके दोस्त ने छोटे गैस सिलेंडर से सिर पर वार कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान कोनिया घाट निवासी अंकित राजभर (27) के रूप में हुई है। क्षेत्रीय लोगों के मुताबिक, अंकित और उसके दोस्त किशन विश्वकर्मा (25) के बीच पैसे के लेन-देन को लेकर दो दिन पहले भी विवाद हुआ था। शनिवार शाम दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद पान की दुकान पर पहुंचे तो पुरानी बात को लेकर फिर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसी दौरान गुस्से में आए किशन ने पांच किलो के छोटे गैस सिलेंडर से अंकित के सिर के पीछे कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल अंकित सड़क पर गिर पड़ा।
आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विमल मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हत्या की जानकारी पर पुलिस के आला अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

