बरेका में डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान से पेंशनभोगियों को मिल रही सुविधा

बरेका में डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान से पेंशनभोगियों को मिल रही सुविधा

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं पारिवारिक पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान 5.0 के अंतर्गत मेगा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। बरेका संस्थान स्थित सम्मान कक्ष में 5, 6 और 27 नवंबर को आयोजित होने वाले इन शिविरों के माध्यम से पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनवाने और जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। यह अभियान 1 से 30 नवंबर तक संचालित होगा।

rajeshswari

महाप्रबंधक आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की सरल एवं सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराना है। इससे पेंशनभोगियों को प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और उनकी पेंशन संबंधी प्रक्रिया भी आसान होगी।

शिविर में पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र तैयार करने और ऑनलाइन जमा करने की प्रक्रिया में तकनीकी सहायता दी जा रही है। इसके साथ ही चेहरे की पहचान तकनीक के माध्यम से घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनाने की प्रक्रिया की जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है।

इस दौरान प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी और उप मुख्य कार्मिक अधिकारी समीर पाल ने शिविर की व्यवस्थाओं एवं पेंशनभोगियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य संपन्न कराने के निर्देश दिए।

अभियान को सफल बनाने में बरेका के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ भारतीय स्टेट बैंक की बरेका शाखा और पेंशनर्स एसोसिएशन का महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है। पेंशनभोगियों को बैंकिंग एवं डिजिटल प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है।

इसे भी पढ़े   वाराणसी में संतों की बुलडोजर पदयात्रा, गौ हत्या निषेध कानून की मांग

इस अवसर पर वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी एम. ए. अंसारी, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार, विनय कुमार गुप्ता, उमेश प्रसाद, विजय कुमार, डॉ. सौरभ सागर, कमला श्रीनिवासन, चंद्रकला, दुर्गेश नंदन, पेंशनर्स एसोसिएशन बरेका के महासचिव ए.के. सिन्हा, भारतीय स्टेट बैंक बरेका शाखा की मुख्य प्रबंधक ऋचा त्रिपाठी, प्रांजल सिंह तथा सेवा सारथी के विकास कुमार विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

बरेका प्रशासन की यह पहल अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके परिवारों के प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता को दर्शाती है। डिजिटल तकनीक के माध्यम से पेंशन संबंधी सेवाओं को सरल, पारदर्शी और सुलभ बनाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *