वाराणसी : मकान की दीवार गिरने से दो मासूम बहनों की मौत, माता-पिता घायल
सात घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
वाराणसी (जनवार्ता)। रोहनिया थाना क्षेत्र के बच्छाव पश्चिम पूरा में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम सगी बहनों की मौत हो गई, जबकि उनके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। तालाब के किनारे बने पक्के मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे और तालाब के पानी में पूरा परिवार दब गया।


जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार रात करीब 12:30 बजे हुआ। उस समय परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। अचानक मकान की दीवार गिरने से घर में मलबा भर गया। मकान तालाब के किनारे होने के कारण दीवार गिरने के साथ ही पानी भी घर में घुस गया। हादसे में माता तबस्सुम और पिता अजुद्दीन किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन उनकी दोनों बेटियां मलबे और पानी में फंस गईं।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रातभर चले अभियान में करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद दोनों बच्चियों को मलबे से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृत बच्चियों की पहचान आफिया (7 वर्ष) और पलक (4 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों बेटियों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल और घटनास्थल पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। आसपास के लोग भी इस हृदयविदारक घटना से गमगीन हैं।
पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया गया है।

