काशी का भव्य प्रवेश द्वार तैयार

काशी का भव्य प्रवेश द्वार तैयार

416.88 करोड़ से विकसित हुआ मोहनसराय-कैंट मार्ग, 10 किमी सिक्सलेन और दोनों तरफ सर्विस रोड

वाराणसी (जनवार्ता)। काशी के पश्चिमी प्रवेश मार्ग मोहनसराय-कैंट सड़क को आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल रोड के रूप में विकसित किया गया है। मोहनसराय से लहरतारा तक 10 किलोमीटर लंबी सड़क को सिक्सलेन बनाया गया है। इसके दोनों तरफ डबल लेन सर्विस रोड भी तैयार की गई है। मुख्य सड़क और सर्विस रोड को मिलाकर यह मार्ग कुल 10 लेन का हो गया है। ‘गेटवे ऑफ काशी’ के रूप में विकसित यह मार्ग लोकार्पण के लिए लगभग तैयार है।

rajeshswari


स्वर्णिम चतुर्भुज मार्ग से प्रयागराज, मीरजापुर, सोनभद्र और चंदौली की ओर से आने वाले वाहन मोहनसराय होकर काशी में प्रवेश करते हैं। आसपास बाजार और आवासीय कॉलोनियों के विस्तार से इस मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ गया था। इससे अक्सर जाम लगता था। इसे देखते हुए प्रदेश सरकार ने सड़क चौड़ीकरण की योजना बनाई।


करीब 416.88 करोड़ रुपये की लागत से मोहनसराय से लहरतारा तक 10 किलोमीटर सिक्सलेन और लहरतारा से कैंट तक करीब तीन किलोमीटर फोरलेन सड़क बनाई गई है। इससे मोहनसराय से कैंट तक पहुंचने में लगने वाला समय 45 मिनट से घटकर 15 से 20 मिनट होने की उम्मीद है।


सड़क को काशी की धार्मिक पहचान के अनुरूप सजाया गया है। डिवाइडरों पर डमरू, त्रिशूल, शंख और ओम के प्रतीकों वाली स्ट्रीट लाइट लगाई गई हैं। आकर्षक पौधारोपण के साथ दोनों तरफ ढके नाले, बिजली के तारों के लिए डक्ट और पांच-पांच फीट चौड़े फुटपाथ बनाए गए हैं।


मोहनसराय में सिक्सलेन की चौड़ाई के अनुरूप भव्य प्रवेश द्वार बनाया जा रहा है। इसके ऊपर विशाल शंख स्थापित किया जाना बाकी है। सामने बने त्रिकोणीय आइलैंड पर नक्काशीदार घंटियों वाले छह स्तंभ लगाए गए हैं। इन पर शंख, त्रिशूल, डमरू और फरसे की आकृतियां बनाई गई हैं। इसके अलावा आठ अन्य स्तंभ भी स्थापित किए गए हैं।

इसे भी पढ़े   गणेश मंदिर से चोरी मोबाइल डेढ़ घंटे में बरामद
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *