बेनियाबाग शॉपिंग कॉम्प्लेक्स : 24 घंटे में दुकानें खाली करने का अल्टीमेटम, व्यापारियों में चिंता
वाराणसी। दालमंडी चौड़ीकरण के बाद अब बेनियाबाग शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को लेकर व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। गुरुवार को नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ बेनियाबाग स्थित शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पहुंची। यहां ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की तैयारी के बीच व्यापारियों को 24 घंटे के भीतर दुकानें खाली करने का अल्टीमेटम दिए जाने की सूचना है। इससे दुकानदारों में हड़कंप और चिंता का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, नगर निगम बेनियाबाग स्थित पुराने शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को जर्जर घोषित कर उसके स्थान पर नया कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना पर काम कर रहा है। इसको लेकर पहले भी दुकानदारों और नगर निगम के बीच विवाद सामने आ चुका है। दुकानदारों का कहना है कि उनकी रोजी-रोटी जुड़ी हुई है और बिना उचित वैकल्पिक व्यवस्था किए दुकानें खाली कराना उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा कर सकता है।
इसी बीच नगर निगम की कार्रवाई की सूचना पर समाजवादी पार्टी के नेता किशन दीक्षित, संदीप मिश्रा, लालू यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। नेताओं ने शॉपिंग कॉम्प्लेक्स से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए व्यापारियों के पक्ष को समझा।
गौरतलब है कि शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के ध्वस्तीकरण और दुकानदारों के पुनर्वास का मामला पहले से ही विवादों में है। 11 मई 2026 को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने प्रभावित दुकानदारों को नए कॉम्प्लेक्स के निर्माण तक वैकल्पिक व्यवस्था देने का निर्देश दिया था। वहीं, 11 नवंबर को हाईकोर्ट ने बेनियाबाग पार्क में अस्थायी दुकानों के निर्माण की स्थिति की जांच के लिए दो विशेष आयुक्त नियुक्त किए हैं। उन्हें 21 नवंबर को निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है।
ऐसे में नगर निगम की ताजा कार्रवाई और 24 घंटे के अल्टीमेटम को लेकर व्यापारियों के बीच असमंजस बना हुआ है। अब सभी की निगाहें नगर निगम प्रशासन के अगले कदम और दुकानदारों को मिलने वाली वैकल्पिक व्यवस्था पर टिकी हैं।

