47 जुआरियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल

47 जुआरियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कार्रवाई पर सवाल

गैंगस्टर और कुर्की के दावे का हुआ क्या ?

वाराणसी। कैमरों के सामने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दम भरने वाली वाराणसी पुलिस के दावों और जमीनी कार्रवाई के बीच अंतर को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सिगरा थाना क्षेत्र में एक साथ 47 जुआरियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने बड़े-बड़े दावे किए थे। जुए के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की जांच, गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई और अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों की कुर्की तक की बात कही गई थी। लेकिन महीनों बीतने के बाद भी इन दावों पर कार्रवाई की वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है।

rajeshswari

उस समय पुलिस की कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि के रूप में प्रचारित किया गया था। अधिकारियों की ओर से संदेश दिया गया था कि जुए के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की आर्थिक कमर तोड़ी जाएगी और अपराध से अर्जित संपत्तियों को जब्त किया जाएगा। आम लोगों को भी उम्मीद जगी थी कि शहर में संगठित जुआ संचालित करने वालों पर अब प्रभावी अंकुश लगेगा। लेकिन अब सवाल यह है कि गिरफ्तार किए गए 47 आरोपितों में से कितने लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हुई? कितनी संपत्तियों को चिह्नित किया गया और कितनी की कुर्की की प्रक्रिया पूरी हुई?

इस पूरे मामले में एक व्यक्ति के नाम की कथित ढाई करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर भी चर्चा हो रही है। आरोप है कि जुए के अवैध कारोबार से अर्जित धन से आलीशान मकान बनाया गया है। यदि यह आरोप सही है तो पुलिस की आर्थिक जांच में इस संपत्ति को शामिल किया गया या नहीं, यह सार्वजनिक होना चाहिए। आखिर इतनी बड़ी कार्रवाई के बाद अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों की जांच किस स्तर तक पहुंची?

इसे भी पढ़े   मडियाहूं : ड्रोन कैमरे से अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, पिता-पुत्र गिरफ्तार

वही आरोप है कि जुए के मामले में अभियुक्त बनाए गए एक व्यक्ति की पहचान अब पत्रकारिता से जुड़ी गतिविधियों में दिखाई दे रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या पुलिस ने उसके खिलाफ दर्ज मुकदमों की वर्तमान स्थिति और अन्य गतिविधियों की जांच की है? किसी व्यक्ति के पत्रकारिता से जुड़ने मात्र से उसके विरुद्ध लगाए गए पुराने आरोप समाप्त नहीं हो जाते और न ही आरोपों के आधार पर उसकी वर्तमान भूमिका को अपराधी घोषित किया जा सकता है।

सबसे बड़ा सवाल पुलिस के दावों की जवाबदेही को लेकर है। यदि 47 लोगों की गिरफ्तारी के बाद गैंगस्टर एक्ट, संपत्ति की जांच और कुर्की जैसी कार्रवाई की घोषणा की गई थी तो उसकी प्रगति भी जनता के सामने आनी चाहिए। केवल गिरफ्तारी के समय प्रेस नोट, फोटो और वीडियो जारी कर वाहवाही बटोरना पर्याप्त नहीं है। अपराध के आर्थिक नेटवर्क को तोड़ना और अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों पर नियमानुसार कार्रवाई करना ही ऐसी कार्रवाई की वास्तविक सफलता का पैमाना है।

शहर में जुए के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि सिगरा के चर्चित मामले में अब तक कितने आरोपितों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल हुआ, कितनों पर गैंगस्टर एक्ट लगाया गया, कितनी संपत्तियों की जांच हुई और कुर्की की कार्रवाई कहां तक पहुंची। साथ ही पुलिस अधिकारियों से जुड़े आरोपों पर भी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

अब सवाल सीधा है कि 47 जुआरियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कार्रवाई कहां तक पहुंची? क्या जुए के अवैध कारोबार की जड़ें वास्तव में कमजोर हुईं या फिर गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई के दावे सुर्खियों तक ही सीमित रह गए? वाराणसी की जनता इन सवालों का जवाब पुलिस प्रशासन से चाहती है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *