सोनिया गांधी की आत्मकथा में काशी और बाबा विश्वनाथ मंदिर का जिक्र
कांग्रेस ने बताया ऐतिहासिक प्रसंग
वाराणसी। कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की आत्मकथा में काशी और श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर से जुड़े प्रसंग का उल्लेख होने पर वाराणसी के कांग्रेस नेताओं ने प्रसन्नता जताई है। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने इसे काशी की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक स्वरूप के संरक्षण से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रसंग बताया।

राघवेंद्र चौबे ने कहा कि पुस्तक में संजय गांधी की ओर से काशी विश्वनाथ मंदिर के विस्तार की परिकल्पना और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के काशी की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत एवं मूल स्वरूप को सुरक्षित रखने के दृष्टिकोण का उल्लेख महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए विकास का अर्थ किसी की आस्था, आजीविका और ऐतिहासिक विरासत को नुकसान पहुंचाना नहीं रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन, बेहतर सुविधाओं और सुव्यवस्थित व्यवस्था की पक्षधर रही है, लेकिन विकास के नाम पर काशी की प्राचीन पहचान, धार्मिक विरासत और स्थानीय लोगों की आजीविका प्रभावित नहीं होनी चाहिए। विकास योजनाओं में स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों और पुश्तैनी रूप से रह रहे परिवारों के हितों का संरक्षण भी जरूरी है।
महानगर अध्यक्ष ने कहा कि विश्वनाथ कॉरिडोर निर्माण के दौरान काशी के अनेक प्राचीन मंदिरों, पुराने भवनों और दुकानों को हटाए जाने तथा शहर के पारंपरिक स्वरूप में बदलाव को लेकर कांग्रेस लगातार सवाल उठाती रही है। पार्टी ने प्रभावित लोगों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि काशी केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि हजारों वर्षों की सभ्यता, संस्कृति, सनातन परंपरा और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। इसकी पहचान प्राचीन गलियों, मंदिरों, देवालयों, स्थानीय व्यापार और जीवंत सांस्कृतिक परंपराओं से है।
राघवेंद्र चौबे ने यह भी कहा कि बाबा विश्वनाथ के सुगम दर्शन के लिए वाराणसी के कांग्रेसजनों ने लगातार आवाज उठाई। उनके अनुसार, कांग्रेस के प्रयासों के बाद स्थानीय काशीवासियों के लिए गेट नंबर चार से आधार कार्ड दिखाकर दर्शन की व्यवस्था संभव हो सकी।
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी की आत्मकथा में सामने आया यह प्रसंग विकास और विरासत के बीच संतुलन की आवश्यकता को रेखांकित करता है। काशी का विकास उसकी पहचान मिटाकर नहीं, बल्कि उसकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करके होना चाहिए। कांग्रेस काशी की अस्मिता, आस्था और स्थानीय नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए आगे भी संघर्ष करती रहेगी।

