बरेका के सूर्य सरोवर पर हजारों व्रती महिलाओं और पुरुषों ने की भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना

बरेका के सूर्य सरोवर पर हजारों व्रती महिलाओं और पुरुषों ने की भगवान भास्कर की पूजा-अर्चना

पुलिस, आरपीएफ, एनडीआरएफ सहित विभिन्न संगठनों ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में सोमवार को लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व छठ पूजा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। छठ महापर्व के अंतिम दिन 16 नवंबर को बरेका स्थित पवित्र सूर्य सरोवर में हजारों श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठी मइया और भगवान भास्कर की विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ व्रत का समापन हुआ।

rajeshswari

सुबह से ही सूर्य सरोवर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती महिलाओं और पुरुषों ने पारंपरिक विधि-विधान से भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और लोक कल्याण की कामना की। अर्घ्य अर्पित करने के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण किया। पूरे परिसर में छठी मइया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना रहा।

इस अवसर पर बरेका के मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) एवं छठ समिति बरेका के संरक्षक राम जन्म चौबे, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (डीजल) प्रवीण कुमार तथा महिला कल्याण संगठन की सदस्याओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।

आयोजन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सूर्य सरोवर परिसर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। उत्तर प्रदेश पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), एनडीआरएफ, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस ब्रिगेड, नागरिक सुरक्षा दल तथा जिला भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के सदस्य तैनात रहे। सभी संगठनों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि आयोजन को शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न कराने में जिला प्रशासन, जिला पुलिस, रेल सुरक्षा बल, एनडीआरएफ, सिविल डिफेंस, सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, विभिन्न विभागों तथा छठ पूजा समिति के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। सभी के सामूहिक सहयोग और बेहतर समन्वय से छठ महापर्व का आयोजन भव्यता के साथ संपन्न हुआ।

इसे भी पढ़े   यूपी न्यूज: भदोही में 13 किलो सोने के बिस्किट बरामद, आठ करोड़ बताई जा रही कीमत
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *