के. विजयेंद्र पांडियन होंगे नए कमिश्नर

के. विजयेंद्र पांडियन होंगे नए कमिश्नर

वाराणसी के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम का तबादला

वाराणसी (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश शासन ने सोमवार शाम प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए वाराणसी के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम का तबादला कर दिया। उन्हें कानपुर मंडल का मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं, कानपुर के मंडलायुक्त रहे आईएएस अधिकारी के. विजयेंद्र पांडियन को वाराणसी का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। वह वाराणसी के 70वें मंडलायुक्त होंगे, जबकि एस. राजलिंगम यहां के 69वें मंडलायुक्त थे।

rajeshswari

एस. राजलिंगम वर्ष 2009 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। अप्रैल 2025 में उन्हें वाराणसी मंडल की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इससे पहले वह नवंबर 2022 से वाराणसी के जिलाधिकारी के पद पर कार्यरत थे। जिलाधिकारी रहते हुए उन्होंने प्रशासनिक और विकास कार्यों की जिम्मेदारी संभाली। वाराणसी से पहले वह कुशीनगर के जिलाधिकारी रहे। सोनभद्र के उभ्भा नरसंहार प्रकरण के बाद वहां जिलाधिकारी के रूप में उनकी तैनाती हुई थी। उन्होंने बांदा में संयुक्त मजिस्ट्रेट के रूप में प्रशासनिक सेवा की शुरुआत की थी। इसके अलावा देवरिया में मुख्य विकास अधिकारी तथा औरैया, सुल्तानपुर और सोनभद्र में जिलाधिकारी के रूप में कार्य कर चुके हैं। दुग्ध विकास, वाणिज्य कर, बेसिक शिक्षा और नगर विकास विभागों में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।

कई जिलों में निभा चुके हैं प्रशासनिक जिम्मेदारी

नवनियुक्त मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन भी वर्ष 2009 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उनकी पहली तैनाती इटावा में संयुक्त मजिस्ट्रेट के रूप में हुई थी। इसके बाद वह चंदौली में मुख्य विकास अधिकारी बने। बलिया, कानपुर देहात और बलरामपुर में जिलाधिकारी के रूप में सेवाएं दीं। पंचायतीराज विभाग में विशेष सचिव, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचन विभाग में विशेष सचिव तथा उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम में अपर प्रबंध निदेशक सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।

इसे भी पढ़े   चोलापुर : रहस्यमय ढंग से लापता हुई दो नाबालिग बहनें

मई 2017 में उन्हें कानपुर विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद मार्च 2018 में वह गोरखपुर के जिलाधिकारी नियुक्त हुए। गोरखपुर में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने जनसमस्याओं के निस्तारण और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।

कोरोना प्रबंधन में चर्चा में आए थे पांडियन

कोरोना महामारी के दौरान गोरखपुर के जिलाधिकारी के रूप में के. विजयेंद्र पांडियन की कार्यशैली की काफी चर्चा हुई थी। संक्रमण की रोकथाम के लिए उन्होंने समय रहते निगरानी और क्वारंटाइन की व्यवस्था शुरू कराई थी। विदेश से लौटे लोगों की पहचान कर उन्हें निगरानी में रखा गया। लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने के लिए सामुदायिक रसोई की व्यवस्था की गई। दूध और आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरी का मॉडल भी चर्चा में रहा था।

अब शासन ने उन्हें वाराणसी जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक मंडल की जिम्मेदारी सौंपी है। उनके सामने शहर की विकास परियोजनाओं, यातायात व्यवस्था, जनसमस्याओं के समाधान और मंडल के चारों जिलों में प्रशासनिक समन्वय को प्रभावी बनाने की चुनौती होगी। वहीं, एस. राजलिंगम कानपुर मंडल में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *