काशी में भाजपा ने शुरू किया हर बूथ पर 100 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य
महिलाओं और युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने पर विशेष जोर
वाराणसी (जनवार्ता)। लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिकाधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी महानगर वाराणसी ने मंगलवार से ‘मतदाता जोड़ो अभियान-2026’ की शुरुआत की। गुलाब बाग स्थित महानगर कार्यालय में महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा और आगामी रणनीति तय की गई। अभियान 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलेगा।


कार्यशाला का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित करने तथा वंदे मातरम् के गान के साथ हुआ।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला एवं महानगर प्रभारी तथा विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक ने कहा कि मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल और प्रभावी बनाने के लिए ऑनलाइन फॉर्म-6 के उपयोग को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि ऑफलाइन प्रक्रिया में कई स्तरों से गुजरने के कारण फॉर्म स्वीकृति की दर प्रभावित होती है। ऐसे में डिजिटल माध्यम से पंजीकरण को बढ़ावा देना आवश्यक है।
उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि दो दिनों के भीतर स्वयं एक ऑनलाइन और एक ऑफलाइन फॉर्म-6 भरकर पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करें। साथ ही बी, सी और डी श्रेणी के आवंटित बूथों पर अगले 10 दिनों में 200 से 250 परिवारों से संपर्क कर 30 से 40 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य दिया। स्थानीय निकाय और विधानसभा मतदाता सूची के अंतर को कम करने तथा दोहरे नामों के संशोधन के लिए ईसीआईनेट और निर्वाचन आयोग के पोर्टल का उपयोग करने पर भी जोर दिया।
महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि एक माह तक चलने वाले इस अभियान के तहत 19 और 20 नवंबर को विधानसभा स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। 21-22 और 28-29 नवंबर को निर्वाचन आयोग के विशेष पुनरीक्षण अभियान में बीएलओ को सहयोग देने तथा बीएलए-2 की सूची जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा कराने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। वहीं 22, 23 और 24 नवंबर को सभी बूथों पर पदाधिकारियों की मौजूदगी में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 28, 29 और 30 नवंबर को महिला मोर्चा के संयोजन में विशेष महिला मतदाता जोड़ो अभियान चलाया जाएगा। इसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं, बीसी सखी और स्वयं सहायता समूहों का सहयोग लिया जाएगा। अभियान के माध्यम से महिलाओं और युवाओं की मतदाता सूची में भागीदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अभियान की निगरानी के लिए आईटी विभाग की ओर से शक्ति केंद्र और बूथवार दैनिक समीक्षा की व्यवस्था की गई है। मंडल प्रभारियों को आगामी तीन माह तक विस्तारक के रूप में कार्य करने और प्रतिदिन सुबह 11 से 12 बजे तक शक्ति केंद्रों पर बैठक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्यशाला का संचालन महानगर महामंत्री पूजा दीक्षित ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन अजय गुप्ता ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर चंद्रशेखर उपाध्याय, राहुल सिंह, महानगर मीडिया संयोजक प्रमील पाण्डेय, अशोक जाटव, विकास बागी, प्रज्ञा पाण्डेय, प्रीति सिंह, अनुराग शर्मा, कुशाग्र श्रीवास्तव, सत्येंद्र सिंह, आत्माविश्वेश्वर, स्वास्तिक श्रीवास्तव, संदीप चौरसिया, नेहा कक्कड़, राजीव सिंह डब्बू, तारकेश्वर नाथ गुप्ता एवं बबलू सेठ सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यशाला का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

