बीएचयू के स्वास्थ्य मेले में उमड़ी भीड़, पहले दिन 7000 लोगों ने उठाया लाभ
बीमारियों के लक्षण, बचाव और उपचार की दी गई जानकारी
वाराणसी (जनवार्ता)। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संस्थान के 66वें वार्षिक दिवस पर दो दिवसीय स्वास्थ्य मेला एवं प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। जो केएन उडुप्पा सभागार में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन बीएचयू के कुलपति प्रो.अजित कुमार चतुर्वेदी ने किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य संबंधी जानकारियों का अवलोकन किया। इस दौरान कुलपति ने कहा कि स्थापना दिवस को केवल उत्सव तक सीमित न रखकर विद्यार्थियों और आम नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का माध्यम बनाना सराहनीय पहल है।


उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां सरल हिंदी और गैर-तकनीकी भाषा में देने पर जोर दिया। साथ ही बीमारियों के लक्षण, बचाव और उपचार की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने की बात कही। वही संस्थान के निदेशक प्रो.एसएन संखवार ने बताया कि मेले में चिकित्सा एवं तकनीकी के माध्यम से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और जांचों की जानकारी दी जा रही है। इसमें आईआईटी-बीएचयू के डीन प्रो. राजेश कुमार ने बताया कि दोनों संस्थान संयुक्त अनुसंधान कर रहे हैं। लगातार दूसरे वर्ष चैलेंज ग्रांट के तहत 10 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं। इस मेले में मिर्गी, हृदय रोग और लकवा जैसी बीमारियों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए कठपुतली प्रदर्शन भी किया गया और क्यूआर कोड के माध्यम से भी लोगों को विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई। इस दौरान संस्थान के न्यूजलेटर का विमोचन हुआ। जबकि संयोजक प्रो. टीपी चतुर्वेदी, सह संयोजक प्रो. बी. राम और प्रो. एसके भारतीय ने बताया कि पहले दिन करीब 2500 स्कूली छात्रों सहित लगभग 7000 लोगों ने मेले में पहुंचकर विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। लोगों ने रक्त संबंधी जांच, ब्लड प्रेशर जांच और चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. विजय नाथ मिश्रा ने किया। इस अवसर पर प्रो. संजय गुप्ता, प्रो. पुनीत, प्रो. केएन मूर्ति सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

