बुलंदशहर : मुठभेड़ में डी-कंपनी का कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानीढेर
छोटा राजन की हत्या की सुपारी लेने का भी था आरोप
वाराणसी । बुलंदशहर में शुक्रवार को नोएडा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में अंडरवर्ल्ड डी-कंपनी से जुड़े कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी को मार गिराया। दिल्ली के एक हत्या के मामले में वांछित चल रहे दुर्रानी और पुलिस टीम के बीच कई राउंड फायरिंग हुई। मुठभेड़ में कई गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

बताया जाता है कि नसीम दुर्रानी का संपर्क अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील से भी रहा था। आरोप है कि वर्ष 2016-17 में छोटा शकील ने तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर छोटा राजन की हत्या की सुपारी उसे दी थी। इसके अलावा पाकिस्तानी मूल के लेखक एवं टिप्पणीकार तारिक फतेह की हत्या की साजिश में भी उसका नाम सामने आया था।
दिल्ली में मंत्री के कार्यालय के बाहर हत्या से जुड़ा था नाम
दुर्रानी का नाम 16 नवंबर को दिल्ली में कानून मंत्री कपिल मिश्रा के कार्यालय के पास हुई समीर नामक युवक की हत्या में भी सामने आया था। बाइक सवार हमलावरों ने समीर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई थीं। इस हत्याकांड के बाद दिल्ली पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। पुलिस को उसके बुलंदशहर में छिपे होने की सूचना मिली, जिसके बाद नोएडा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया।
25 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज
सूत्रों के अनुसार, नसीम दुर्रानी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और लूट समेत 25 से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय बताया जा रहा था। संयुक्त पुलिस कार्रवाई में उसके मारे जाने के बाद दिल्ली में हुए हत्याकांड और अंडरवर्ल्ड नेटवर्क से जुड़े कई पहलुओं की जांच महत्वपूर्ण हो गई है।

