प्रयागराज : एसटीएफ ने 85.50 लाख का 342 किलो गांजा किया बरामद, तस्कर गिरफ्तार

प्रयागराज : एसटीएफ ने 85.50 लाख का 342 किलो गांजा किया बरामद, तस्कर गिरफ्तार

कई वर्षों से तस्करी में सक्रिय गिरोह का खुलासा

प्रयागराज (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 342 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 85.50 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल पिकअप बोलेरो और एक मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद किया है।

rajeshswari

एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई ने यह कार्रवाई शुक्रवार की रात करीब 9:45 बजे प्रयागराज के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में चित्रकूट जाने वाली सड़क पर की। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रमेश कुमार यादव पुत्र विजय शंकर यादव निवासी पूरे कांता, थाना हंडिया, प्रयागराज के रूप में हुई है।

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ के रायपुर से पिकअप बोलेरो (नंबर UP70QT8721) में गांजा लादकर प्रयागराज लाया जा रहा है। इस पर पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी की। एसीपी बारा वेद व्यास मिश्रा को साथ लेकर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत पिकअप की तलाशी ली गई। इस दौरान खाली प्लास्टिक कैरेट के नीचे भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा मिला। मौके से रमेश कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह छत्तीसगढ़ के रायपुर से गांजा लाकर प्रयागराज और आसपास के जनपदों में ऊंचे दामों पर बेचने वाले गिरोह से जुड़ा है। पिकअप का मालिक श्याम बहादुर पुत्र शीतला प्रसाद निवासी होलापुर, थाना हंडिया बताया गया है। वह मुकेश यादव निवासी धनंजया, थाना हंडिया के साथ मिलकर गांजा तस्करी करता था।

इसे भी पढ़े   आरटीई के तहत बच्चों को प्रवेश न देने पर होगी स्कूलों की मान्यता रद्द

आरोपी के मुताबिक, रायपुर में एक व्यक्ति को पिकअप दी गई थी, जिसमें प्लास्टिक के खाली कैरेट की आड़ में गांजा लोड किया गया। इसके बाद वाहन प्रयागराज भेजा गया। तस्करी के इस नेटवर्क में कई लोग शामिल हैं और आरोपी ने कई वर्षों से गांजा सप्लाई करने की बात स्वीकार की है। खेप को समय से पहुंचाने के बदले उसे 20 हजार रुपये अलग से मिलते थे।

एसटीएफ ने आरोपी के खिलाफ शंकरगढ़ थाने में मुकदमा अपराध संख्या 266/2026, धारा 8/20/27 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस करेगी।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *