निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी ने वाराणसी में की निर्वाचन कार्यों की समीक्षा

निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी ने वाराणसी में की निर्वाचन कार्यों की समीक्षा

वाराणसी (जनवार्ता)। मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी ने शनिवार को वाराणसी में निर्वाचन संबंधी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। कमिश्नरी सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे। निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएं।

rajeshswari

बैठक में निर्वाचन आयुक्त ने नए एवं युवा मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों और भर्ती रैलियों में विशेष शिविर लगाकर पात्र युवाओं से फॉर्म-6 भरवाया जाए। मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए सिनेमा हॉलों में विज्ञापनों के माध्यम से भी लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने को कहा।

महिला मतदाताओं के पंजीकरण और जेंडर रेशियो में सुधार को लेकर निर्वाचन आयुक्त ने चिंता जताई। उन्होंने विशेष अभियान चलाकर पात्र महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए। इसके लिए स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की महिलाओं का सहयोग लेने और उनके साथ समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।

उन्होंने मतदाता सूची में संशोधन से संबंधित फॉर्म-8 के कार्यों की लगातार निगरानी करने तथा निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा। निर्वाचन आयुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी मतदान केंद्र पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक नहीं होनी चाहिए। मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।

निर्वाचन आयुक्त ने चुनाव कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रशिक्षण को प्रभावी एवं व्यावहारिक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान कार्मिकों को बेहतर प्रशिक्षण मिलने से मतदान प्रक्रिया सुगम होगी। इसके साथ ही मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, संवेदनशील बूथों का चिह्नांकन और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की।

इसे भी पढ़े   डॉक्टर से तमंचे के बल पर 45 हजार नकद, मोबाइल और दस्तावेजों से भरा बैग लेकर बदमाश फरार

समीक्षा बैठक से पहले विवेक जोशी ने संपूर्णानंद, राजकीय क्वींस कॉलेज और मॉडल प्राइमरी स्कूल (कैंटोनमेंट) स्थित मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत चल रही गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने नए मतदाताओं के आवेदनों का अवलोकन करने के साथ युवा एवं नवपंजीकृत मतदाताओं से संवाद भी किया।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जनपद की सामान्य स्थिति, विधानसभावार ईपी रेशियो, जेंडर रेशियो और निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। अंत में मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने निर्वाचन आयुक्त को आश्वस्त किया कि आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन कराया जाएगा।

इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार, सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *