ऑपरेशन के दौरान 90 वर्षीय सोमारी देवी के मुख से गूंजता रहा राम नाम, आस्था के सहारे दी दर्द को मात
वाराणसी। जब मन में अटूट विश्वास और हृदय में प्रभु श्रीराम के प्रति गहरी आस्था हो तो कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी इंसान हिम्मत नहीं हारता। इसकी मिसाल महनाग गांव की 90 वर्षीय सोमारी देवी ने पेश की है। हाथ के ऑपरेशन के दौरान भी उनके मुख से लगातार राम नाम का जाप होता रहा। एक हाथ में रुद्राक्ष की माला और मुख पर राम नाम के साथ उन्होंने अपनी मानसिक दृढ़ता का परिचय दिया।


जानकारी के अनुसार, बीते 9 नवंबर की सुबह करीब छह बजे टहलने के दौरान अचानक पैर फिसलने से सोमारी देवी गिर पड़ीं। इस हादसे में उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया। परिजन उन्हें मिर्जामुराद के लालपुर चट्टी स्थित एक चिकित्सक के पास ले गए, जहां उनके हाथ में प्लास्टर चढ़ाया गया। हालांकि, कुछ दिनों बाद भी दर्द कम नहीं हुआ, बल्कि बढ़ता चला गया। चार दिन बाद दोबारा एक्स-रे कराने पर चोट की गंभीरता सामने आई। चिकित्सकों ने हाथ का ऑपरेशन कराने की सलाह दी।
90 वर्ष की उम्र में ऑपरेशन की बात सुनकर परिवार के लोग चिंतित हो उठे। ऐसे मुश्किल समय में उनके छोटे बेटे सूबेदार यादव ने मां के बेहतर इलाज की जिम्मेदारी संभाली और उन्हें रजपुरा स्थित सहारा हॉस्पिटल में भर्ती कराया। परिवार के मुताबिक, इलाज में आयुष्मान कार्ड भी बड़ा सहारा बना।
अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विनोद यादव की देखरेख में सोमारी देवी का सफल ऑपरेशन किया गया। खास बात यह रही कि ऑपरेशन से पहले और सर्जरी के दौरान भी वह हाथ में रुद्राक्ष की माला लेकर लगातार मन ही मन राम-राम का जाप करती रहीं। उनकी इस अटूट आस्था और हौसले ने अस्पताल के कर्मचारियों और परिजनों को भी प्रभावित किया। फिलहाल उनकी तबीयत में तेजी से सुधार हो रहा है।
परिजनों के मुताबिक, सोमारी देवी का जीवन संघर्ष और आस्था से भरा रहा है। उनकी दोनों आंखों का ऑपरेशन हो चुका है। सिर में भी कई बार चोट लग चुकी है और अभी पथरी का ऑपरेशन होना बाकी है। इसके बावजूद उनका विश्वास कभी कमजोर नहीं पड़ा। हर मुश्किल में राम नाम ही उनका सबसे बड़ा संबल बना हुआ है।
वहीं, मां की उम्र और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच छोटे बेटे सूबेदार यादव जिस समर्पण और लगन से उनकी सेवा और देखभाल कर रहे हैं, वह भी समाज के लिए एक मिसाल है। मां के प्रति बेटे का यह समर्पण देखकर लोग उन्हें कलयुग का श्रवण कुमार कह रहे हैं। सोमारी देवी की कहानी आस्था, साहस और मातृसेवा की एक प्रेरक मिसाल बन गई है।

