राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा की विशेष उपस्थिति में अंतरराष्ट्रीय बौद्ध समारोह का संपन्न
सिंगापुर और मलेशिया से पहुंचे बौद्ध प्रतिनिधिमंडल ने की सहभागिता
वाराणसी (जनवार्ता)। भगवान बुद्ध की प्रथम धम्म देशना स्थली सारनाथ में शनिवार को विश्व प्रसिद्ध धम्मेख स्तूप के सामने धम्मचक्क पवत्तन सुत्त पाठ एवं विशेष पूजा समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा की विशेष उपस्थिति में हुआ। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में सिंगापुर और मलेशिया से आए बौद्ध प्रतिनिधिमंडल सहित देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे भिक्षुओं और श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। सभी ने विश्व शांति, मानव कल्याण और सद्भाव की कामना की।

कार्यक्रम के मुख्य आयोजक भिक्खु डॉ. आलोक ने सर्वप्रथम विषय रखते हुए अतिथियों और उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिवादन किया। समारोह की अध्यक्षता सिंगापुर और मलेशिया से पधारे पूज्य भिक्षु डॉ. गुणरतन महाथेरा ने की। आयोजन में संरक्षक पूज्य भिक्खु नंदरतन महाथेरो, पूज्य भिक्षु सुमित्रानंदन थेरो, प्रोफेसर रमेश चंद्र नेगी तथा पूज्य भिक्खु फ्रा. बोधधविदेस वज्रा सुदोन (सचिव) सहित अनेक बौद्ध प्रतिनिधियों की सहभागिता रही।
इस अवसर पर राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि भगवान बुद्ध के करुणा, मैत्री और अहिंसा के संदेशों को जीवन में अपनाकर सुख और शांति प्राप्त की जा सकती है। दुखों को दूर करने का सरल मार्ग भगवान बुद्ध की शिक्षाओं में निहित है। उन्होंने विदेशों से आए अतिथियों का सारनाथ की पावन धरती पर स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे पवित्र और अंतरराष्ट्रीय आयोजन से जुड़ना उनके लिए प्रसन्नता का विषय है।
समारोह में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए प्रबुद्धजनों, भिक्षु संघ और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धम्मचक्क पवत्तन सुत्त का सामूहिक पाठ किया। कार्यक्रम के मुख्य आयोजक भिक्षु डॉ. आलोक ने आयोजन को सफल बनाने में अपनी टीम के सक्रिय सदस्यों विशेष शाक्य, शशांक मौर्य और अजय सहित अन्य सहयोगियों के योगदान की सराहना की।

