देव दीपावली पर फूलों और विद्युत झालरों से जगमगाएगा काशी विश्वनाथ धाम
वाराणसी (जनवार्ता)। देव दीपावली पर काशी विश्वनाथ धाम को भव्य एवं दिव्य रूप में सजाया जाएगा। जिसमें श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए मंदिर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। जिसको लेकर शनिवार को मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्रा ने वीडियो के माध्यम से तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पूरे धाम को सुगंधित फूलों और रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से सजाया जाएगा। वही विभिन्न स्थलों पर आकर्षक पुष्प रंगोलियां बनाई जाएंगी। जबकि शाम को पूरे धाम में दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए निर्धारित दर्शन मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है। धाम में शुद्ध आरओ पेयजल और बेहतर साफ-सफाई की व्यवस्था रहेगी। सुरक्षा एसओपी के तहत आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षाकर्मियों को सतर्क रहने तथा कर्मचारियों को श्रद्धालुओं के साथ सौम्य एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं। पर्व के दौरान व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में बाबा का दर्शन मिल सके।

