मिस्र में पेट्रोलियम टैंकर पलटने के बाद भीषण विस्फोट
31 लोगों की मौत, 26 घायल
काहिरा । मिस्र की राजधानी काहिरा में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने भयावह रूप ले लिया। गीजा प्रांत के अल-वर्राक इलाके में रिंग रोड पर पेट्रोलियम उत्पादों से भरा एक टैंकर पलट गया। इसके बाद उसमें आग लग गई और जोरदार विस्फोट हो गया। देखते ही देखते आग ने आसपास से गुजर रहे वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में अब तक 31 लोगों की मौत और 26 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है।


मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, हादसा रिंग रोड पर टनल नंबर-10 के पास हुआ। टैंकर पलटने के बाद पेट्रोलियम पदार्थ सड़क पर फैल गया और आग की लपटें तेजी से आसपास के वाहनों तक पहुंच गईं। आग इतनी भीषण थी कि इसकी चपेट में आने से कारों और मोटरसाइकिलों समेत करीब 27 वाहन जलकर क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर वाहनों में फंसे लोगों को निकालने के लिए दमकलकर्मियों और बचाव दलों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। राहत एवं बचाव कार्य के लिए 39 एंबुलेंस तैनात की गईं। घायलों को आसपास के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हादसे की जांच में जुटी एजेंसियां
मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय ने मृतकों और घायलों की संख्या की पुष्टि की है। वहीं, सरकारी अभियोजन विभाग ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में टैंकर के अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकराने और पलटने की बात सामने आई थी। हालांकि, बाद में अभियोजन विभाग ने एक कार चालक को गिरफ्तार किया है। उस पर तेज रफ्तार में टैंकर से टक्कर मारने का संदेह है।
हादसे में कई शव बुरी तरह झुलस जाने के कारण उनकी पहचान के लिए डीएनए जांच के आदेश भी दिए गए हैं। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने घटना पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों को सहायता और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

