26/11 की बरसी पर मुंबई को दहलाने की धमकी
30 दिनों तक ग्रेनेड हमले की धमकी से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
मुंबई। 26/11 मुंबई आतंकी हमले की 18वीं बरसी के दिन गुरुवार को एक बार फिर बम धमाके की धमकी से मुंबई में हड़कंप मच गया। मुंबई की महापौर रितु तावड़े और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की आयुक्त अश्विनी भिड़े को धमकी भरा ईमेल भेजकर शहर के कई महत्वपूर्ण स्थानों को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ईमेल में महापौर कार्यालय में गुरुवार को दोपहर 1 बजकर 11 मिनट पर बम विस्फोट करने की धमकी दी गई थी। इसके अलावा अगले 30 दिनों तक मुंबई के विभिन्न इलाकों में ग्रेनेड हमले करने और 27 नवंबर से 31 दिसंबर के बीच मेट्रो स्टेशनों पर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) से धमाके करने की चेतावनी दी गई है।
ईमेल में सायन स्थित महालक्ष्मी परिसर, साइंस और आचार्य मेट्रो स्टेशन सहित कई स्थानों पर विस्फोटक रखे होने का दावा किया गया है। इतना ही नहीं, बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित आवास ‘जलसा’ और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम को भी कथित तौर पर निशाना बनाने की बात कही गई है।
सूत्रों के अनुसार धमकी भरे ईमेल में खालिस्तान समर्थक नारे और कुछ प्रतिबंधित संगठनों के नामों का भी उल्लेख किया गया है। ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसकी धमकी की विश्वसनीयता की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
गौरतलब है कि इस साल महापौर कार्यालय को इस तरह की धमकी मिलने की यह पांचवीं घटना बताई जा रही है। इससे पहले जून, जुलाई, अगस्त और अक्टूबर में भी इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिलने की खबरें सामने आई थीं। हालांकि, पूर्व की घटनाओं में तलाशी के दौरान विस्फोटक नहीं मिले थे।
फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां ईमेल के स्रोत का पता लगाने के साथ ही उसमें बताए गए स्थानों की जांच कर रही हैं।

