रेलवे क्रॉसिंग के पास टूटी नाली का पत्थर बना जाम का सबब, राहगीर परेशान
रॉबर्ट्सगंज में छठ पूजा के दिन टूटा था नाली का बड़ा पत्थर, आए दिन लग रहा लंबा जाम; यातायात पुलिस को करनी पड़ रही मशक्कत
सोनभद्र (जनवार्ता)। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सोनभद्र रेलवे क्रॉसिंग के समीप नाली का बड़ा पत्थर टूटने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। छठ पूजा के दिन टूटे इस पत्थर की वजह से आए दिन सड़क पर जाम की स्थिति बन रही है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, जाम खुलवाने में यातायात पुलिस को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।


जानकारी के अनुसार, रामगढ़ से खलियारी मार्ग पर प्रतिदिन छोटी-बड़ी गाड़ियों से करीब एक लाख लोगों का आवागमन होता है। यह मार्ग क्षेत्र के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद रेलवे क्रॉसिंग के पास नाली का टूटा पत्थर अब तक दुरुस्त नहीं कराया गया है। बुधवार की देर शाम भी क्रॉसिंग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा।
जाम की सूचना पर टीएसआई भारत राय और टीएसआई तीरथ लाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यातायात पुलिस की टीम ने काफी प्रयास के बाद जाम को खुलवाया, जिसके बाद राहगीरों ने राहत की सांस ली।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग से आए दिन आम जनता के साथ-साथ उच्चाधिकारियों का भी आवागमन होता है। इसके बावजूद नाली के टूटे पत्थर की मरम्मत को लेकर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से जल्द से जल्द टूटे पत्थर की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि रोजाना लगने वाले जाम से निजात मिल सके।

