यूपी लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष बने आलोक सिंह

यूपी लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष बने आलोक सिंह

प्रदेश के चारों भर्ती बोर्ड की कमान आईपीएस अधिकारियों के हाथों में

लखनऊ (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) को नया अध्यक्ष मिल गया है। वर्ष 1995 बैच के वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी आलोक सिंह को आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वह वर्तमान में पुलिस महानिदेशक (पीएसी) और विशेष सुरक्षा बल (एसएसएफ) के महानिदेशक के पद पर तैनात थे।

rajeshswari

आयोग के पूर्व अध्यक्ष संजय श्रीनेत पांच दिनों पूर्व सेवानिवृत्त हो गए थे। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद डॉ. ए.के. वर्मा कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। आलोक सिंह जनवरी 2027 में पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन नई नियुक्ति के बाद अब वह 62 वर्ष की आयु तक यानी लगभग दो वर्षों तक लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालेंगे।

आलोक सिंह की नियुक्ति के साथ ही उत्तर प्रदेश के चारों प्रमुख भर्ती बोर्डों की कमान भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों के हाथों में आ गई है। इनमें उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग और उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड शामिल हैं।

चारों भर्ती बोर्डों के अध्यक्ष

– उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग: आलोक सिंह (1995 बैच के आईपीएस अधिकारी)।

– उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग: सत्यनारायण साबत (पूर्व पुलिस महानिदेशक)।

– उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग: प्रशांत कुमार (पूर्व पुलिस महानिदेशक)।

– उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड: एस.बी. शिरडकर (पुलिस महानिदेशक स्तर के आईपीएस अधिकारी)।

मूल रूप से अलीगढ़ के रहने वाले आलोक सिंह ने विज्ञान में स्नातक, अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर और प्रबंधन में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। अपने लंबे सेवाकाल में वह नोएडा के प्रथम पुलिस आयुक्त, कानपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक और कानपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं।

इसे भी पढ़े   लखनऊ: कुख्यात ‘डी-34 शुभम रावत गैंग’ के तीन बदमाशों को एसटीएफ ने बाराबंकी में किया गिरफ्तार

उन्हें पुलिस वीरता पदक और राष्ट्रपति पुलिस पदक सहित कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। उनकी नियुक्ति के बाद प्रदेश की भर्ती व्यवस्था और चयन प्रक्रिया की जिम्मेदारी अब पूरी तरह आईपीएस अधिकारियों के नेतृत्व में आ गई है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *