बंद मकान से नकदी समेत लाखों के जेवरात चोरी
वाराणसी (जनवार्ता)। शिवपुर थाना क्षेत्र के खुशहाल नगर सेक्टर-ए में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर नकदी और कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। घटना शुक्रवार की सुबह करीब तीन बजे की बताई गई है। पीड़ित की तहरीर पर शिवपुर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खुशहाल नगर सेक्टर-ए निवासी समीर सिंह पुत्र स्वर्गीय बिरबल सिंह के मकान में अज्ञात चोर घुस गए। चोरों ने घर में रखे कीमती सामान और आवश्यक वस्तुओं को खंगालते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना की जानकारी होने पर समीर सिंह ने घर की जांच की तो सामान गायब मिला।
पीड़ित के मुताबिक चोरी गए सामान में सोने की चेन, 15 हजार रुपये नकद, एक चांदी का पायल, चार बिछिया, चार चांदी के सिक्के और तीन चांदी की चेन शामिल हैं।
समीर सिंह की शिकायत पर शिवपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(ए) और 324(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक विशाल कुमार सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।

