ग्रीन आर्मी ने कैदी के जुर्माने की रकम जुटाकर खुलवाया रिहाई का रास्ता
दहेज अपराध में सजा पूरी करने के बाद आर्थिक तंगी के चलते जेल में बंद था धर्मेंद्र राजभर
वाराणसी। सामाजिक सरोकारों के लिए कार्यरत संस्था ग्रीन आर्मी ने मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की है। दहेज अपराध में अपनी सजा पूरी कर चुके धर्मेंद्र राजभर की रिहाई आर्थिक तंगी के कारण अटकी हुई थी। उन पर अदालत की ओर से लगाया गया जुर्माना जमा करने के लिए रुपये नहीं थे। इसकी जानकारी मिलने पर ग्रीन आर्मी की महिलाओं ने आपस में चंदा एकत्र कर जुर्माने की पूरी रकम जुटाई और उनके जेल से बाहर आने का रास्ता आसान कर दिया।

जेल से रिहा होने के बाद धर्मेंद्र राजभर जब बाहर पहुंचे तो वहां इंतजार कर रहे अपने रिश्तेदारों को देखकर भावुक हो गए। लंबे इंतजार के बाद परिवार से मिलन का यह पल काफी भावुक रहा।
ग्रीन आर्मी के संस्थापक रवि मिश्रा ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल जरूरतमंदों की आर्थिक मदद करना ही नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाना भी है। जेल से रिहा होने वाले लोगों के अनुभवों के माध्यम से बच्चों और युवाओं को अपराध से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाता है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपराध के बाद कोर्ट-कचहरी की परेशानियों, परिवार की बदनामी और जेल की कठिन जिंदगी का सामना कर चुका होता है, वह अपने अनुभवों से दूसरों को अपराध के दुष्परिणाम बेहतर तरीके से समझा सकता है।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक सौरभ श्रीवास्तव, जेलर सुरेश बहादुर सिंह तथा ग्रीन आर्मी की ओर से श्यामाकांत, संदीप गुप्ता, दिव्यांशु उपाध्याय, नितेश जायसवाल, विकास दीक्षित और अजितेश श्रीवास्तव मौजूद रहे।
ग्रीन आर्मी की इस पहल की सराहना हो रही है। संस्था ने आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्ति की मदद करने के साथ ही उसे समाज की मुख्यधारा में लौटने का अवसर देने का प्रयास किया है।

