वेनेजुएला में 7.5 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, दहशत में लोग घरों से निकले; सुनामी की चेतावनी जारी
कराकस। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला के उत्तरी तटीय क्षेत्र में बुधवार को आए शक्तिशाली भूकंप से व्यापक दहशत फैल गई। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार भूकंप की तीव्रता 7.5 दर्ज की गई। विशेष बात यह रही कि मुख्य झटके से लगभग 40 सेकेंड पहले 7.2 तीव्रता का एक और भूकंप आया, जिससे लगातार दो बड़े झटकों ने लोगों को भयभीत कर दिया।

भूकंप का केंद्र युमारे शहर से लगभग 23 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित था। इस क्षेत्र के आसपास देश की महत्वपूर्ण तेल रिफाइनरियां भी मौजूद हैं। राजधानी कराकस समेत कई शहरों में तेज झटके महसूस किए गए, जिसके बाद लोग घरों, कार्यालयों और अन्य इमारतों से निकलकर खुले स्थानों में पहुंच गए।
स्थानीय मीडिया और सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में कई इमारतों के क्षतिग्रस्त होने, दीवारों के टूटने तथा कुछ भवनों के ढहने के दृश्य सामने आए हैं। कई इलाकों में धूल का गुबार छा गया और संपत्ति को नुकसान पहुंचने की खबरें मिली हैं। हालांकि, तत्काल किसी बड़े जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
भूकंप के बाद प्रशासन ने राहत एवं बचाव एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है। संभावित सुनामी के खतरे को देखते हुए तटीय क्षेत्रों के निवासियों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
लगातार आए दो शक्तिशाली झटकों के कारण पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोग सड़कों तथा खुले मैदानों में शरण लेते दिखाई दिए।

