एक्सप्रेसवे पर पंक्चर और खराबी से राहत, हर 20-25 किमी पर मिलेंगी मरम्मत सुविधाएं

एक्सप्रेसवे पर पंक्चर और खराबी से राहत, हर 20-25 किमी पर मिलेंगी मरम्मत सुविधाएं

नई दिल्ली (जनवार्ता)। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों को बड़ी राहत देने की दिशा में कदम उठाया है। प्राधिकरण ने हाईवे नेटवर्क पर हर 20 से 25 किलोमीटर की दूरी पर सड़क किनारे जनसुविधा केंद्र (वे-साइड एमेनिटीज) विकसित करने की योजना बनाई है, जहां पंक्चर मरम्मत और वाहन सेवा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

rajeshswari


योजना के तहत इन जनसुविधा केंद्रों में प्रमाणित पंक्चर रिपेयर शॉप और ऑटोमोबाइल वर्कशॉप स्थापित की जाएंगी। इससे हाईवे पर यात्रा के दौरान टायर पंक्चर होने या वाहन में मामूली तकनीकी खराबी आने पर चालकों को तत्काल सहायता मिल सकेगी और लंबे समय तक मदद का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।


NHAI के अनुसार इन केंद्रों पर केवल पंक्चर मरम्मत ही नहीं, बल्कि वाहन के छोटे-मोटे मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल दोषों को भी दूर करने की व्यवस्था होगी। यहां हवा भरने की स्वचालित मशीनें, टायर बदलने के उपकरण तथा आवश्यक स्पेयर पार्ट्स उपलब्ध कराए जाएंगे।


अधिकारियों का कहना है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान वाहन के ओवरहीट होने, बैटरी डिस्चार्ज होने या अन्य सामान्य तकनीकी समस्याओं की स्थिति में भी ये केंद्र यात्रियों के लिए उपयोगी साबित होंगे। प्राधिकरण इन सुविधाओं को चौबीसों घंटे संचालित करने की संभावना पर भी विचार कर रहा है, ताकि रात के समय यात्रा करने वाले लोगों को भी आवश्यक सहायता मिल सके।


NHAI की इस पहल का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना है। इससे सड़क यात्रा अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होने की उम्मीद है।

इसे भी पढ़े   'हसीना को हमें दे दो…',बांग्लादेश ने भारत से मांगा पूर्व PM का प्रत्यर्पण,क्या करेगी मोदी सरकार?
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *