जम्मू से श्रीनगर तक पहली बार सीधी वंदे भारत सेवा, वैष्णो देवी यात्रियों को बड़ी राहत
जम्मू, (जनवार्ता)। कश्मीर यात्रा अब पहले से अधिक तेज और सुविधाजनक होने जा रही है। जम्मू तवी से सीधे श्रीनगर तक वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा शुरू होने जा रही है, जिससे माता वैष्णो देवी के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बड़ा लाभ मिलेगा। अब यात्रियों को कटरा स्टेशन पर ट्रेन बदलने की आवश्यकता नहीं होगी।
इससे पहले वंदे भारत ट्रेन केवल श्री माता वैष्णो देवी कटरा और श्रीनगर के बीच संचालित होती थी, लेकिन अब इसका विस्तार जम्मू तवी तक कर दिया गया है। रेलवे के अनुसार इस सेवा की टिकट बुकिंग 2 मई से शुरू होगी।
20 कोच वाली यह आधुनिक वंदे भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन संचालित होगी और जम्मू तवी से श्रीनगर के बीच लगभग 267 किलोमीटर की दूरी महज 4 घंटे 50 मिनट में पूरी करेगी। सड़क मार्ग से यही सफर सामान्यतः 8 से 9 घंटे में पूरा होता है। ऐसे में यात्रियों का समय बचेगा और सफर भी अधिक आरामदायक होगा।
रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इस नई सेवा से जम्मू-कश्मीर में पर्यटन, व्यापार और धार्मिक यात्राओं को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। खासकर देशभर से आने वाले श्रद्धालु अब वैष्णो देवी दर्शन के बाद सीधे ट्रेन से कश्मीर घाटी पहुंच सकेंगे।
ट्रेन संख्या 26401 जम्मू तवी से सुबह 6:20 बजे रवाना होकर 11:10 बजे श्रीनगर पहुंचेगी, जबकि ट्रेन संख्या 26402 श्रीनगर से दोपहर 2:00 बजे चलकर शाम 6:50 बजे जम्मू तवी पहुंचेगी। इसके अलावा ट्रेन संख्या 26404 श्रीनगर से सुबह 8:00 बजे रवाना होकर 12:40 बजे जम्मू तवी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 26403 जम्मू तवी से दोपहर 1:20 बजे चलकर शाम 6:00 बजे श्रीनगर पहुंचेगी।
वंदे भारत एक्सप्रेस में चेयर कार का किराया लगभग 715 रुपये और एग्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया 1515 रुपये निर्धारित किया गया है। रेलवे ने इस रूट पर डायनेमिक फेयर सिस्टम लागू किया है, जिसके तहत टिकटों की मांग बढ़ने पर किराया भी बढ़ सकता है।
नई रेल सेवा शुरू होने से जम्मू और कश्मीर के बीच यात्रा पहले की तुलना में अधिक तेज, आरामदायक और सुगम होने की उम्मीद जताई जा रही है।


