सिक्सलेन फ्लाईओवर की एक लेन खुलने में देरी, देवरिया बाईपास कनेक्शन का कार्य तेज
गोरखपुर (जनवार्ता)। ट्रांसपोर्टनगर से पैडलेगंज की ओर बने सिक्सलेन फ्लाईओवर की एक लेन फिलहाल आम यातायात के लिए नहीं खोली जाएगी। उत्तर प्रदेश सेतु निगम ने एक लेन शुरू करने का प्रस्ताव शासन को भेजा था, लेकिन अब तक इसकी मंजूरी नहीं मिल सकी है। इसके चलते फ्लाईओवर पर यातायात संचालन में देरी होने की संभावना बढ़ गई है।

उधर, देवरिया बाईपास फ्लाईओवर को सिक्सलेन फ्लाईओवर से जोड़ने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। सेतु निगम के महाप्रबंधक मिथिलेश कुमार ने बताया कि कनेक्टिविटी से जुड़ा कार्य इसी महीने पूरा होने की उम्मीद है।
सेतु निगम की ओर से ट्रांसपोर्टनगर से देवरिया बाईपास होते हुए पैडलेगंज तक सिक्सलेन फ्लाईओवर का निर्माण कराया गया है। ट्रांसपोर्टनगर से पैडलेगंज की दिशा वाली लेन का निर्माण पिछले महीने पूरा हो चुका था, जबकि पैडलेगंज से ट्रांसपोर्टनगर की ओर जाने वाली लेन का कार्य भी लगभग समाप्त हो गया है।
हालांकि, देवरिया बाईपास स्थित फोरलेन फ्लाईओवर को नए सिक्सलेन फ्लाईओवर से जोड़ने में हो रही देरी के कारण यातायात शुरू नहीं हो पा रहा है। पहले अप्रैल महीने में ही फ्लाईओवर पर आवागमन शुरू करने की तैयारी थी, लेकिन बाद में योजना में बदलाव कर दिया गया। अब संभावना जताई जा रही है कि दोनों फ्लाईओवर का संचालन एक साथ शुरू किया जाएगा।
करीब 2.6 किलोमीटर लंबे इस सिक्सलेन फ्लाईओवर के निर्माण पर 429.49 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। फ्लाईओवर शुरू होने के बाद नौसढ़-पैडलेगंज मार्ग पर लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा लखनऊ, वाराणसी, आजमगढ़ और प्रयागराज से आने-जाने वाले यात्रियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। शहर के भीतर ट्रैफिक दबाव कम होगा और महराजगंज, देवरिया तथा कुशीनगर की ओर जाने वाले वाहनों का आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा।

