नोएडा में युवती की हत्या कर कमरे में शव छिपाकर फरार हुआ युवक

नोएडा में युवती की हत्या कर कमरे में शव छिपाकर फरार हुआ युवक

नोएडा। सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के बरौला गांव स्थित एक पेइंग गेस्ट आवास में असम की 19 वर्षीय युवती की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पास के कमरे में रहने वाले एक युवक ने युवती की हत्या करने के बाद शव अपने कमरे में छिपा दिया और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। कमरे से दुर्गंध आने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घटना का खुलासा हुआ।

rajeshswari

मृतका की पहचान महक अहमद (19) के रूप में हुई है। वह मूलरूप से असम के डिब्रूगढ़ की रहने वाली थी और करीब तीन सप्ताह पहले अपने माता-पिता को बिना बताए नोएडा आई थी। यहां वह अपनी सहेली संजना के साथ रहकर कॉल सेंटर में काम करती थी।

पुलिस के अनुसार, बिहार के कटिहार निवासी रमन भी उसी मकान की पहली मंजिल पर किराए के कमरे में रहता था। उसने बीटेक की पढ़ाई की है और पहले एक सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी में काम कर चुका है। फिलहाल वह बेरोजगार बताया जा रहा है।

बताया गया कि 8 अगस्त की रात महक और रमन के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। उस समय महक की सहेली दो दिन के लिए बाहर गई हुई थी। इसके बाद महक का मोबाइल बंद हो गया और वह दिखाई नहीं दी। 10 अगस्त को सहेली के लौटने पर महक के कमरे में नहीं मिलने पर उसकी तलाश शुरू की गई।

इसी दौरान रमन के कमरे से तेज दुर्गंध आने लगी। कमरे पर बाहर से ताला लगा था और रमन भी वहां मौजूद नहीं था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ताला खुलवाया तो अंदर महक का शव पड़ा मिला। पुलिस के मुताबिक, युवती के शरीर पर चोट के निशान थे और प्रथमदृष्टया धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका है।

इसे भी पढ़े   नौकरी दिलाने के नाम पर 1.60 लाख की ठगी

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और मृतका के मोबाइल फोन की भी जांच कराई जा रही है। पुलिस उसकी बातचीत, संदेशों और अन्य गतिविधियों की जांच कर घटना से पहले उसके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है।

अपर पुलिस उपायुक्त मनीषा सिंह के अनुसार, मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस रमन की तलाश कर रही है और 8 अगस्त की रात हुई कहासुनी समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी मौत से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *