बांग्लादेश : बंद मकान से शिक्षक, पत्नी, बेटी और बेटे का शव बरामद

बांग्लादेश : बंद मकान से शिक्षक, पत्नी, बेटी और बेटे का शव बरामद

गला घोंटकर हत्या की आशंका

ढाका । बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक सेवानिवृत्त हिंदू शिक्षक समेत एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतकों में रांगपुर जिला स्कूल के सेवानिवृत्त शिक्षक गणपति चक्रवर्ती (65), उनकी पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती (50), बेटी आगामी चक्रवर्ती प्रार्थी (23) और 12 वर्षीय बेटा प्रियम चक्रवर्ती शामिल हैं। चारों के शव शनिवार रात शहर के दासपाड़ा-मछुआपाड़ा इलाके स्थित उनके बंद मकान से बरामद किए गए।

rajeshswari

परिजनों के मुताबिक परिवार से गुरुवार शाम के बाद संपर्क नहीं हो पा रहा था। परिवार के सदस्यों के मोबाइल फोन भी बंद थे। शनिवार रात जब परिजन घर पहुंचे तो मुख्य द्वार पर ताला लगा मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ताला तोड़कर मकान के भीतर दाखिल हुई, जहां चारों के शव अलग-अलग स्थानों पर मिले।

रांगपुर महानगर पुलिस के अनुसार गणपति चक्रवर्ती का शव छत पर, उनकी पत्नी और बेटी के शव सीढ़ियों के पास तथा बेटे का शव बिस्तर के नीचे मिला। घटना की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। प्रारंभिक जांच में गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण शव परीक्षण रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

घटना की गंभीरता को देखते हुए रांगपुर महानगर पुलिस के साथ अपराध जांच विभाग और गुप्तचर शाखा की टीमें जांच में जुटी हैं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए न्यायिक-विज्ञान विशेषज्ञों की टीम ने भी जांच की है। पुलिस हत्या के कारण, घटना के समय और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है।

इसे भी पढ़े   जीआरपी : चोरी के दो मोबाइल के साथ शातिर  गिरफ्तार

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि परिवार ने कथित तौर पर मकान की छत पर मादक पदार्थ के सेवन का विरोध किया था। पुलिस इस पहलू को भी जांच का हिस्सा बना रही है। हालांकि हत्या के कारण और आरोपियों के संबंध में अंतिम निष्कर्ष जांच तथा शव परीक्षण के बाद ही सामने आएगा।

गणपति चक्रवर्ती पिछले वर्ष 31 दिसंबर को रांगपुर जिला स्कूल से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद वह होम्योपैथी चिकित्सा का कार्य करते थे। उनकी बेटी ने अंग्रेजी में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की थी, जबकि 12 वर्षीय बेटा रांगपुर जिला स्कूल में पांचवीं कक्षा का छात्र था।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *