जापान में 7.4 तीव्रता का भूकंप, सुनामी का अलर्ट जारी
जापान के उत्तरी हिस्से में सोमवार को आए तेज भूकंप ने दहशत फैला दी। रिक्टर पैमाने पर 7.4 तीव्रता वाले इस भूकंप के झटके व्यापक क्षेत्र में महसूस किए गए, जिसके बाद तटीय इलाकों के लिए तत्काल सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई।

राष्ट्रीय प्रसारक NHK के अनुसार, भूकंप के बाद प्रशासन ने Iwate Prefecture और Hokkaido के तटीय क्षेत्रों में समुद्री लहरों के 3 मीटर तक ऊंचा उठने की आशंका जताई है।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे तुरंत सुरक्षित और ऊंचे स्थानों की ओर चले जाएं। आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट पर रखा गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सुनामी की लहरें एक बार नहीं, बल्कि कई चरणों में आ सकती हैं। लहरों के समय और ऊंचाई में बदलाव संभव है, जिससे खतरा और बढ़ सकता है। खासकर समुद्र तट और नदियों के किनारे रहने वाले लोगों को तत्काल इन क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, पानी का स्तर अचानक बढ़ने से तटीय इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं। नुकसान का आकलन अभी जारी है, जबकि राहत एवं बचाव दल संभावित आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

