हांसी जिम संचालक हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर धमकी भरी पोस्ट वायरल, पुलिस जांच में जुटी
हिसार (जनवार्ता) । हरियाणा के! हांसी में रेड जिम के संचालक कपिल रैहड़ की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित धमकी भरी पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। वायरल पोस्ट में लारेंस बिश्नोई गैंग द्वारा हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है तथा अन्य लोगों को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की गई इस पोस्ट में आपराधिक गिरोहों के नामों का भी उल्लेख किया गया है। पोस्ट में कुछ पुराने विवादों और फायरिंग की घटनाओं का जिक्र करते हुए कई लोगों को खुली धमकी दी गई है। इसके बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
हालांकि, वायरल पोस्ट की सत्यता और उसमें किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए सोशल मीडिया पर प्रसारित सामग्री की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि पोस्ट किसने साझा की और इसके पीछे वास्तविकता क्या है।
उल्लेखनीय है कि हांसी में जिम संचालक कपिल रैहड़ की हत्या के बाद पुलिस पहले से ही विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। अब वायरल पोस्ट सामने आने के बाद जांच एजेंसियां इस एंगल को भी खंगाल रही हैं।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध जानकारी की सूचना तत्काल पुलिस को दें। मामले में आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

