16 करोड़ से चौड़ा होगा भटौली-कछवां मार्ग,

16 करोड़ से चौड़ा होगा भटौली-कछवां मार्ग,

मीरजापुर-वाराणसी का सफर होगा आसान

rajeshswari

चार मीटर तक बढ़ेगी सड़क की चौड़ाई, 20 किलोमीटर दूरी और समय की होगी बचत

मीरजापुर (जनवार्ता)। मीरजापुर से वाराणसी के बीच आवागमन सुगम बनाने के लिए भटौली-कछवां मार्ग के चौड़ीकरण की तैयारी शुरू हो गई है। करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य के लिए किसानों की भूमि ली जा रही है। सड़क चौड़ी होने से जाम की समस्या से राहत मिलेगी और यात्रियों का समय व ईंधन भी बचेगा।


देहात कोतवाली क्षेत्र के जिवती गांव से कछवां तक मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है। वर्तमान में तीन मीटर चौड़ी इस सड़क को बढ़ाकर सात मीटर तक किया जाएगा। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी मीरजापुर की आरके कंपनी को दी गई है।
फिलहाल सड़क संकरी होने के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है। कई बार जाम की स्थिति बन जाती है, जबकि बड़े वाहनों का गुजरना भी मुश्किल होता है। चौड़ीकरण पूरा होने के बाद यातायात सुगम होने की उम्मीद है।
भटौली-कछवां मार्ग मीरजापुर से वाराणसी जाने का एक महत्वपूर्ण रास्ता है। इसके इस्तेमाल से करीब 70 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है, जो वैकल्पिक मार्ग की तुलना में लगभग 20 किलोमीटर कम है। इससे वाराणसी के अलावा गाजीपुर, बलिया, आजमगढ़ और गोरखपुर जाने वाले यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।


इस मार्ग से प्रतिदिन सरकारी विभागों के कर्मचारी और अन्य लोग कछवां, जमुआ होते हुए राजातालाब की ओर आते-जाते हैं। सड़क चौड़ी होने से स्थानीय लोगों के साथ नियमित यात्रियों को भी राहत मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि मार्ग के चौड़ीकरण के लिए किसानों की भूमि ली जा रही है। निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य ने कहा कि अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

इसे भी पढ़े   दिल्ली में गुब्बारे बेचने वाली मासूम  का बलात्कार के बाद गला घोंटकर हत्या
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *