अल्मोड़ा नगर निगम का 37.15 करोड़ का घाटे का बजट पेश
अल्मोड़ा । नगर निगम की बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 37.15 करोड़ रुपये का घाटे का बजट पेश किया गया। निगम की अनुमानित आय 36.32 करोड़ रुपये आंकी गई, जबकि प्रस्तावित व्यय इससे अधिक होने पर बजट पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता महापौर अजय वर्मा ने की।

बैठक की शुरुआत उत्तराखंड सरकार द्वारा नामित आठ पार्षदों के शपथ ग्रहण से हुई। इसके बाद पार्षदों ने विभिन्न वार्डों से जुड़े करीब 300 विकास कार्यों के प्रस्ताव सदन में रखे। निगम प्रशासन से 10 दिनों के भीतर आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा उपलब्ध कराने की भी मांग की गई।
बैठक में अतिक्रमण हटाने, पार्किंग, स्ट्रीट लाइट, जलापूर्ति, सफाई व्यवस्था, कूड़ा प्रबंधन, सार्वजनिक शौचालय, क्षतिग्रस्त सड़कों और नालियों के निर्माण, आवारा गोवंश के लिए शेल्टर होम, निगम की आय बढ़ाने, दुकानों के किराये की समीक्षा और अवैध होर्डिंग हटाने जैसे प्रस्तावों पर चर्चा हुई।
पूर्व में स्वीकृत विकास कार्यों के लिए धनराशि जारी न होने पर कुछ पार्षदों ने नाराजगी जताई। उन्होंने वार्डों की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। महापौर अजय वर्मा ने कहा कि बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा और नगर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए सभी पार्षदों के साथ मिलकर काम किया जाएगा।
दोपहर 12 बजे शुरू हुई बोर्ड बैठक रात 10 बजे तक चली। नगर निगम के 40 वार्डों से जुड़े विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा होने के कारण बैठक करीब 10 घंटे तक चली। इसमें नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा सहित निगम के अधिकारी और सभी पार्षद मौजूद रहे।

