ट्रंप की चेतावनी के बीच तेहरान में धमाकों से मची हलचल, ईरान बोला- नियंत्रित विस्फोट
तेहरान । अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच शनिवार को ईरान की राजधानी तेहरान के पूर्वी हिस्से में धमाकों की खबर से हलचल मच गई। हालांकि ईरानी अधिकारियों ने शुरुआती प्रतिक्रिया में इन्हें “नियंत्रित विस्फोट” बताया है। फिलहाल धमाकों के कारण, किसी तरह के नुकसान या हताहतों को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

ईरान की फार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, तेहरान प्रांत के पूर्वी क्षेत्र में धमाकों की आवाज सुनी गई। हालांकि एजेंसी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि इन विस्फोटों का संबंध किसी सैन्य गतिविधि या हमले से है या नहीं।
धमाकों की खबर ऐसे समय सामने आई है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर कहा कि यदि उनकी हत्या का कोई प्रयास किया गया तो अमेरिका की “1,000 मिसाइलें” जवाब देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने दावा किया कि आवश्यक होने पर अमेरिकी सेना ईरान के प्रमुख ठिकानों को पूरी तरह तबाह करने की क्षमता रखती है।
तेहरान में हुए धमाकों को लेकर विभिन्न तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं, लेकिन ईरानी सरकार ने इन्हें नियंत्रित विस्फोट बताते हुए किसी बड़े खतरे से इनकार किया है। अधिकारियों ने कहा कि विस्तृत जानकारी उचित समय पर साझा की जाएगी।
गौरतलब है कि पश्चिम एशिया में हाल के दिनों में तनाव लगातार बढ़ा है। होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े घटनाक्रम, क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य गतिविधियों में वृद्धि और दोनों देशों के बीच तीखी बयानबाजी ने पहले से ही हालात को संवेदनशील बना रखा है। ऐसे में तेहरान में धमाकों की घटना ने क्षेत्रीय तनाव को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

