एसटीएफ : 50 हजार का इनामिया शातिर बदमाश मध्य प्रदेश के जबलपुर से गिरफ्तार
श्रावस्ती । उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त नौशाद उर्फ मुन्ना को मध्य प्रदेश के जबलपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी श्रावस्ती जिले के थाना कोतवाली भिनगा में गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी गुरुवार को सुबह करीब 11:30 बजे जबलपुर के थाना हनुमानताल क्षेत्र स्थित कसाई मंडी चौराहा, कब्रिस्तान के सामने से की गई।

गिरफ्तार अभियुक्त नौशाद उर्फ मुन्ना पुत्र मोहम्मद अहमद, मूल निवासी इमामबाड़ा मोहल्ला गरीब नवाज, थाना कोतवाली नगर, जनपद गोंडा है। उसके खिलाफ थाना कोतवाली भिनगा, जनपद श्रावस्ती में मुकदमा अपराध संख्या 187/2026 की धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत 30 अप्रैल 2026 को मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
एसटीएफ को काफी दिनों से फरार और इनामी अभियुक्तों के संबंध में सूचनाएं मिल रही थीं। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह, एसटीएफ फील्ड इकाई प्रयागराज के पर्यवेक्षण में निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में टीम कार्रवाई कर रही थी। टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि नौशाद जबलपुर के थाना हनुमानताल क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसका एक संगठित गिरोह है, जो चोरी, लूट और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देता है। गिरोह का सरगना ददन लोनिया पुत्र बच्चू लोनिया निवासी लोनियापुरवा, चंद्रखा बुजुर्ग, थाना सोनवा, जनपद श्रावस्ती है। गिरोह के सदस्य उत्तर प्रदेश के बदायूं, गोंडा समेत तेलंगाना, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के जबलपुर आदि स्थानों पर किराये के कमरे लेकर रहते थे। जूते-चप्पल बेचने की आड़ में खाली स्थानों और मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद चोरी, लूट और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देकर प्राप्त सोने-चांदी के सामान को बेचते और उससे मिले रुपये आपस में बराबर बांट लेते थे।
एसटीएफ के अनुसार गिरोह का सरगना ददन लोनिया और सदस्य दौलत अली वर्ष 2025 में श्रावस्ती से जेल जा चुके हैं, जबकि नौशाद फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को जबलपुर के थाना हनुमानताल में दाखिल किया गया है। उसे जबलपुर स्थित प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट, न्यायालय संख्या-10 के समक्ष पेश कर ट्रांजिट रिमांड की कार्रवाई की जा रही है।

