विश्वास मत की परीक्षा आज: बिहार विधानसभा के विशेष सत्र में सरकार करेगी बहुमत साबित
पटना, (जनवार्ता)।
बिहार की राजनीति में आज अहम दिन है। सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार शुक्रवार को बिहार विधानसभा के विशेष सत्र में अपना बहुमत साबित करेगी। संविधान के प्रावधानों के तहत नए मुख्यमंत्री को सदन में विश्वास मत हासिल करना अनिवार्य है।

विधानसभा की प्रधान सचिव पूनम सिन्हा द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, सत्र में सरकार द्वारा प्रस्तुत विश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के बाद मतदान कराया जाएगा। सत्र से पहले विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी दलों से सदन के सुचारू संचालन में सहयोग की अपील की।
बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव सहित कई वरिष्ठ विधायक मौजूद रहे। संसदीय कार्य मंत्री के रूप में विजय कुमार चौधरी ने भरोसा जताया कि सदन की कार्यवाही शांतिपूर्ण ढंग से चलेगी और सरकार बहुमत साबित करेगी।
गौरतलब है कि हाल ही में हुए राजनीतिक बदलाव के बाद सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, जब नीतीश कुमार राज्यसभा चले गए।
नवंबर 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए को 202 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत मिला था, जिससे सरकार विश्वास मत से पहले ही मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है।
नई सरकार में विभागों का बंटवारा भी किया जा चुका है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास गृह, सामान्य प्रशासन और कैबिनेट सचिवालय समेत 29 विभाग हैं, जबकि दोनों उपमुख्यमंत्रियों को भी अहम मंत्रालय सौंपे गए हैं।
अब सबकी नजरें आज होने वाले विश्वास मत पर टिकी हैं, जो राज्य की नई सरकार की वैधता तय करेगा।

