बिश्नोई की फिरकी और तुषार के आखिरी ओवर ने दिलाई राजस्थान को सांसें रोक देने वाली जीत
अहमदाबाद। इंडियन प्रीमियर लीग के बेहद रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने गुजरात टाइटंस को 6 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच का असली रोमांच आखिरी ओवर में देखने को मिला, जब गुजरात को जीत के लिए 11 रन चाहिए थे, लेकिन तुषार देशपांडे ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 4 रन खर्च किए और राजस्थान की झोली में जीत डाल दी।

पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 210 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। ध्रुव जुरेल ने 75 रन की शानदार पारी खेली, जबकि यशस्वी जायसवाल ने 55 रन बनाकर टीम को बेहतरीन शुरुआत दी।
211 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस ने दमदार शुरुआत की और 10 ओवर में 101 रन पर सिर्फ एक विकेट गंवाया। साई सुदर्शन 73 रन बनाकर शानदार लय में दिख रहे थे, लेकिन 11वें ओवर में उनके आउट होते ही मैच का रुख बदल गया।
गुजरात ने 15 ओवर तक 161 रन पर 7 विकेट गंवा दिए। राजस्थान के इम्पैक्ट प्लेयर रवि बिश्नोई ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 बड़े विकेट झटके और टीम को मुकाबले में वापसी दिलाई। नांद्रे बर्गर और रियान पराग ने भी 1-1 विकेट लेकर अहम योगदान दिया।
हालांकि अंत में राशिद खान और कगिसो रबाडा ने तेज बल्लेबाजी करते हुए चार ओवर में 39 रन जोड़कर मैच को फिर रोमांचक बना दिया। आखिरी ओवर में 11 रन की दरकार थी, लेकिन तुषार देशपांडे ने दबाव में शानदार यॉर्कर और सटीक लाइन-लेंथ से गुजरात को सिर्फ 4 रन ही बनाने दिए।
राजस्थान की इस जीत में ध्रुव जुरेल और यशस्वी की बल्लेबाजी के साथ रवि बिश्नोई की फिरकी और तुषार देशपांडे का आखिरी ओवर निर्णायक साबित हुआ।

