बुलंदशहर : सिपाही ने खुद मारी गोली
बुलंदशहर । बुलंदशहर के औरंगाबाद क्षेत्र की लखावटी पुलिस चौकी में तैनात 25 वर्षीय सिपाही सुधीर ठाकुर ने गुरुवार तड़के करीब तीन बजे सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। वह मूल रूप से आगरा के इरादतनगर थाना क्षेत्र के संगेचा गांव का रहने वाला था और तीन महीने पहले ही पुलिस विभाग में भर्ती हुआ था।

पुलिस के अनुसार, घटना से पहले सुधीर राइफल लेकर चौकी से नहर की ओर चला गया। साथी सिपाही ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने हवाई फायरिंग कर दी। सूचना देने के लिए साथी के लौटते ही सुधीर ने राइफल गर्दन से सटाकर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सिपाही पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। साथी पुलिसकर्मियों के अनुसार, वह अक्सर जीवन समाप्त करने जैसी बातें करता था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच जारी है।

