सड़क चौड़ीकरण पर चला बुलडोजर, 125 अतिक्रमण ध्वस्त
जयपुर (जनवार्ता)। जगतपुरा क्षेत्र में सोमवार को जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। नंदपुरी अंडरपास से रेलवे लाइन के समानांतर सड़क को 80 फीट चौड़ा करने के लिए 125 से अधिक अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई की जद में पांच धार्मिक स्थल भी आए।

अभियान के दौरान करीब तीन हजार पुलिसकर्मी तैनात रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। कार्रवाई से पहले सुबह 5:30 बजे बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जबकि रविवार रात से कई इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गईं।
प्रशासन के अनुसार अफवाहों पर रोक लगाने के उद्देश्य से इंटरनेट बंद किया गया है। वहीं ड्रोन कैमरों से पूरे अभियान की निगरानी की गई। बिजली और इंटरनेट सेवाएं प्रभावित होने से स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने कार्रवाई को जनहित में बताते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

