गाजियाबाद में रिश्वत लेते आबकारी विभाग का हेड कांस्टेबल गिरफ्तार
गाजियाबाद (जनवार्ता)। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोदीनगर तहसील में तैनात आबकारी विभाग के हेड कांस्टेबल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हेड कांस्टेबल की पहचान जगत सिंह के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, जगत सिंह पर एक व्यक्ति से काम कराने के एवज में 6,000 रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई से आबकारी विभाग में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ हुई इस कार्रवाई को प्रशासन की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगने पर तत्काल संबंधित एजेंसियों को सूचना दें, ताकि ऐसे भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

