बंद मकान का ताला तोड़ लाखों की चोरी
पड़ोसियों ने पकड़े दो संदिग्ध
वाराणसी (जनवार्ता) । चितईपुर थाना क्षेत्र के विवेक नगर कॉलोनी, नासीरपुर (सुसुवाही) में एक बंद मकान में लाखों रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, लेकिन उनके खिलाफ कार्रवाई को लेकर कॉलोनीवासियों ने नाराजगी जताई है।

जानकारी के अनुसार, विवेक नगर कॉलोनी निवासी जयप्रकाश मेहता वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के विद्युत विभाग में कार्यरत हैं। नौकरी के कारण वह जम्मू में रह रहे थे और वाराणसी स्थित उनका मकान बंद था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान के ताले तोड़कर घर में प्रवेश किया और सोने-चांदी के आभूषण, नकदी समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।
घटना के दौरान पड़ोसियों को संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी हुई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया और डायल-112 तथा चितईपुर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर थाने चली गई।
चोरी की सूचना मिलने पर जयप्रकाश मेहता जम्मू से वाराणसी पहुंचे। घर की स्थिति देखकर परिवार के सदस्य स्तब्ध रह गए। पीड़ित परिवार का कहना है कि चोरी में लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और अन्य सामान गायब हुए हैं।
स्थानीय नागरिकों और पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि पड़ोसियों द्वारा पकड़े गए दोनों संदिग्धों के खिलाफ अपेक्षित सख्त कार्रवाई नहीं की गई। इसे लेकर कॉलोनी में नाराजगी का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाना मुश्किल होगा।
कॉलोनीवासियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, चोरी गए सामान की शीघ्र बरामदगी तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

