गाजियाबाद: मुख्यमंत्री योगी ने की दूधेश्वर नाथ महादेव की विधि विधान से पूजा

गाजियाबाद: मुख्यमंत्री योगी  ने की दूधेश्वर नाथ महादेव की विधि विधान से पूजा

मेरठ में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा

rajeshswari

गाजियाबाद (जनवार्ता)।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सावन मास के अवसर पर गाजियाबाद और मेरठ का दौरा कर धार्मिक आस्था और प्रशासनिक सजगता का संदेश दिया। अपने तय कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने सबसे पहले गाजियाबाद के प्रसिद्ध दूधेश्वर नाथ महादेव मंदिर में विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की। उनके आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, जबकि वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

पूजा संपन्न करने के बाद मुख्यमंत्री हेलिकॉप्टर से मेरठ के लिए रवाना हुए। उनका हेलिकॉप्टर शोभित विश्वविद्यालय, मोदीपुरम परिसर में उतरा, जहां से वे सड़क मार्ग से दुल्हेड़ा चुंगी पहुंचे। यहां उन्होंने एनएच-58 पर कांवड़ यात्रा पर निकले शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की और उनकी यात्रा को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम कांवड़ियों के उत्साहवर्धन और धार्मिक भावना के सम्मान का प्रतीक माना जा रहा है।

इस अवसर पर योगी आदित्यनाथ ने न केवल श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया बल्कि प्रशासन की तैयारियों का भी जायज़ा लिया। कांवड़ यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु राज्य सरकार द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। एनएच-58 को पूरी तरह कांवड़ मार्ग के रूप में तैयार किया गया है, जिस पर यातायात, सुरक्षा और साफ-सफाई को लेकर विशेष प्रबंध किए गए हैं।

शनिवार रात से ही कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में प्रशासनिक मशीनरी जुटी रही। एडीजी ज़ोन भानु भास्कर ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। मंच की साज-सज्जा, सुरक्षा प्रबंधन, चिकित्सा सहायता और जलपान केंद्रों की स्थिति पर विशेष निगरानी रखी गई।

इसे भी पढ़े   महाराष्ट्र में अगले हफ्ते मंत्रिमंडल विस्तार,शिंदे कैंप के 8 नेता बन सकते हैं मंत्री

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर आमजन और प्रशासन में विशेष उत्साह देखा गया। कांवड़ियों के लिए बनाए गए विश्राम स्थल, स्वास्थ्य शिविर, और सेवा केंद्रों की व्यवस्था को उच्च अधिकारियों ने स्वयं जांचा, जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *