इटखोरी मोड़ पर भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर-ट्रक की टक्कर के बाद लगी आग
पद्मा (हजारीबाग), (जनवार्ता)।
झारखंड के हजारीबाग जिले के पद्मा ओपी क्षेत्र स्थित इटखोरी मोड़ के पास गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रेलर और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रेलर के इंजन में तुरंत आग भड़क उठी और देखते ही देखते उसका अगला हिस्सा जलकर खाक हो गया। वहीं ट्रक का भी आधा हिस्सा आग की चपेट में आ गया। ट्रक में लदी स्प्राइट और माजा की कई पेटियां जलकर नष्ट हो गईं।
सूचना मिलते ही पद्मा ओपी पुलिस और इचाक थाना की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़े नुकसान को टाल दिया गया।
हादसे के बाद दोनों वाहनों के चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी पहचान करने और मामले की जांच में जुट गई है।
प्राथमिक जांच में हादसे का कारण ओवरलोडिंग और अचानक सड़क पार करना बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इटखोरी की ओर से आ रहा ट्रक अचानक फोरलेन सड़क पार करने लगा, तभी हजारीबाग की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ओवरलोड ट्रेलर ने ब्रेक लगाया। अचानक ब्रेक लगाने से टायर में आग लग गई और नियंत्रण खोने के बाद ट्रेलर ट्रक से टकरा गया, जिससे आग फैल गई।

