भोजपुरी सिनेमा का गौरव: ‘ऐसा पति मुझे दे भगवान’ बनी इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली में दिखाई जाने वाली पहली भोजपुरी फिल्म
नई दिल्ली (जनवार्ता): भोजपुरी सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री अक्षरा सिंह की फिल्म ‘ऐसा पति मुझे दे भगवान’ ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। यह फिल्म इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली (IFFD) में प्रीमियर हुई और भोजपुरी भाषा की पहली फिल्म बनकर इतिहास रच दिया है।

प्रीमियर के बाद फिल्म को दर्शकों और फिल्म प्रेमियों से खूब सराहना मिली। अक्षरा सिंह ने इस गौरवपूर्ण पल को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा करते हुए भावुक संदेश लिखा। उन्होंने कहा, “जब आपकी कहानी और आपकी भाषा दुनिया के मंच पर पहुँचती है, तो यह सिर्फ एक उपलब्धि नहीं बल्कि एक खास एहसास होता है। ‘ऐसा पति मुझे दे भगवान’ का इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली में चयन मेरे लिए गर्व का विषय है और भोजपुरी सिनेमा के लिए नई पहचान बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”
फिल्म में अक्षरा सिंह के साथ मुख्य भूमिका में अभिनेता अंशुमान सिंह राजपूत हैं। फिल्म के निर्माता अविनाश रोहड़ा भी प्रीमियर पर मौजूद रहे। निर्देशन इश्तियाक शेख बंटी ने किया है।
अक्षरा सिंह ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरे यूनिट के सामूहिक प्रयास, मेहनत और विश्वास का नतीजा है। उन्होंने अपने फैंस और दर्शकों का आभार जताते हुए लिखा, “आप सभी के प्यार और समर्थन की वजह से ही यह मुकाम हासिल हो पाया है। भोजपुरी भाषा और संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाना मेरा सपना रहा है और यह उपलब्धि उसी दिशा में एक बड़ा पड़ाव है।”
अक्षरा सिंह ने आगे कहा कि यह सफर अभी और आगे बढ़ेगा। वे आने वाले समय में भोजपुरी सिनेमा को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगी।
यह उपलब्धि न केवल अक्षरा सिंह के लिए बल्कि पूरी भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के लिए गर्व की बात है। इससे साबित होता है कि मजबूत कहानी, सच्ची भावनाओं और क्षेत्रीय संस्कृति पर आधारित फिल्में अपनी जड़ों से जुड़कर भी विश्व स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।

