जननायक कर्पूरी ठाकुर के गांव से PM मोदी फूंकेंगे बिहार में चुनावी बिगुल

जननायक कर्पूरी ठाकुर के गांव से PM मोदी फूंकेंगे बिहार में चुनावी बिगुल

एनडीए का फोकस इस बार ओबीसी-ईबीसी वोट बैंक पर, कर्पूरीग्राम से होगी शुरुआत

rajeshswari

समस्तीपुर (बिहार) (जनवार्ता)। बिहार विधानसभा चुनाव की औपचारिक घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को एनडीए के चुनावी अभियान का शंखनाद जननायक कर्पूरी ठाकुर के गांव कर्पूरीग्राम (समस्तीपुर) से करेंगे। प्रधानमंत्री पहले कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि देंगे, इसके बाद समस्तीपुर के दूधपुरा पुलिस लाइन मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।

यह रैली सिर्फ राजनीतिक नहीं बल्कि सामाजिक संदेश देने वाली मानी जा रही है। हाल ही में केंद्र सरकार ने कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किया था। अब उनके गांव से प्रचार की शुरुआत कर भाजपा-जदयू गठबंधन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि इस बार फोकस ओबीसी और ईबीसी वोट बैंक पर रहेगा।

यह बिहार चुनाव के बाद प्रधानमंत्री मोदी की पहली बड़ी सभा होगी। माना जा रहा है कि इस मंच से वे परिवारवाद, भ्रष्टाचार और जंगलराज जैसे मुद्दों पर विपक्षी महागठबंधन को घेर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, पीएम तेजस्वी यादव के उस बयान का भी जवाब दे सकते हैं, जिसमें उन्होंने पूछा था कि एनडीए अपना मुख्यमंत्री चेहरा घोषित क्यों नहीं कर रहा।

कर्पूरीग्राम से प्रचार आरंभ करना भाजपा के लिए रणनीतिक कदम माना जा रहा है। कर्पूरी ठाकुर को अति पिछड़ों का मसीहा कहा जाता है। इस तरह यह संदेश देने की कोशिश है कि भाजपा-जदयू गठबंधन सामाजिक न्याय की परंपरा को आगे बढ़ा रहा है।

कर्पूरी ठाकुर के पुत्र और केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने प्रधानमंत्री की इस पहल की सराहना की है, जबकि उनकी पोती जागृति ठाकुर, जो इस बार मोतिहारी से जनसुटराज पार्टी की प्रत्याशी हैं, ने इसे “चुनावी लाभ लेने की कोशिश” बताया है।

इसे भी पढ़े   साइबर अपराध पर सख्ती: पुलिस आयुक्त ने दिए ठोस निर्देश

प्रधानमंत्री से पहले अमित शाह और जेपी नड्डा बिहार के विभिन्न जिलों में चुनावी रैलियां कर चुके हैं। शाह बक्सर और सीवान में टिकट वितरण और नाराज नेताओं को मनाने में जुटे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि कर्पूरी ठाकुर की धरती से प्रचार शुरू कर मोदी विपक्ष को सामाजिक न्याय के प्रतीकात्मक मोर्चे पर चुनौती देने जा रहे हैं।

प्रधानमंत्री का आज का कार्यक्रम सुबह 10 बजे दिल्ली से रवाना होकर दरभंगा हवाई अड्डा पहुंचने से शुरू होगा। इसके बाद वे सीधे कर्पूरीग्राम स्थित जीकेपीडी कॉलेज मैदान जाएंगे और कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। दोपहर 12 बजे वे समस्तीपुर के दूधपुरा पुलिस लाइन मैदान में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:40 बजे बेगूसराय में एक और रैली आयोजित की जाएगी। रैलियों के बाद प्रधानमंत्री दरभंगा एयरपोर्ट से दिल्ली लौटेंगे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *