फतेहपुर में मिसाल बनी शादी: गैंगरेप पीड़िता का मंगेतर बना जीवनसाथी
फतेहपुर (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने अपनी मंगेतर का साथ निभाकर संवेदनशीलता और भरोसे की मिसाल पेश की है। कथित गैंगरेप की घटना के बाद भी युवक ने युवती का साथ नहीं छोड़ा और पूरे सम्मान के साथ उससे विवाह किया।
जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल को युवती अपनी बुआ के घर जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में तीन युवकों ने उसे बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
घटना के बाद युवती और उसका परिवार मानसिक आघात से गुजर रहा था। इसी बीच युवती के मंगेतर ने उसका साथ निभाने का फैसला किया। दोनों ने शहर के सिद्धपीठ तांबेश्वर मंदिर में विवाह कर लिया। मंदिर में हुई शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हालांकि नवदंपती ने कैमरे के सामने कुछ भी कहने से परहेज किया, लेकिन दोनों परिवारों ने इस रिश्ते पर खुशी जताई। परिजनों का कहना है कि वे दुखद घटना को पीछे छोड़कर नई शुरुआत करना चाहते हैं।
परिवार के सदस्यों ने कहा कि समाज को पीड़िताओं के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने की जरूरत है। उनका मानना है कि किसी महिला की पहचान उसके साथ हुई घटना से नहीं, बल्कि उसके व्यक्तित्व और सम्मान से होनी चाहिए।
सोशल मीडिया पर भी युवक के फैसले की सराहना की जा रही है। कई लोगों ने इसे मानवता, भरोसे और सच्चे रिश्ते की मिसाल बताया है।


