मजिस्ट्रेट बनकर पहुंचे ठग, ट्रैक्टर सीज करने की धमकी देकर किसान से ऐंठे 60 हजार रुपये
संभल (जनवार्ता) । बहजोई थाना क्षेत्र के करीमपुर गांव में अधिकारियों का भेष धारण कर ठगी करने का मामला सामने आया है। ग्रामीण ने आरोप लगाया है कि ‘मजिस्ट्रेट’ लिखी बोलेरो गाड़ी में सवार करीब 10 लोगों ने अवैध खनन का आरोप लगाकर उसके ट्रैक्टर-ट्राली को रोक लिया और कार्रवाई का डर दिखाकर रुपये वसूल लिए।
करीमपुर निवासी बृजेश कुमार के अनुसार 27 मई की रात करीब दो बजे वह पशुओं के लिए मिट्टी लेने खेत पर गए थे। इसी दौरान ‘मजिस्ट्रेट’ लिखी बोलेरो गाड़ी वहां पहुंची। गाड़ी से उतरे लोगों ने खुद को अधिकारियों के साथ बताया, ट्रैक्टर की चाबी और मोबाइल फोन छीन लिया तथा अवैध खनन का आरोप लगाते हुए ट्रैक्टर सीज कराने की धमकी दी।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपितों ने कार्रवाई से बचाने के लिए ढाई लाख रुपये की मांग की। रकम न होने पर उन्होंने उसके चाचा रामबहादुर को फोन कर एक लाख रुपये लेकर मौके पर बुलाया। रामबहादुर जब करीब 60 हजार रुपये लेकर पहुंचे तो आरोपितों ने रुपये ले लिए और ट्रैक्टर की चाबी वापस कर फरार हो गए।
बृजेश का कहना है कि बाद में जानकारी करने पर पता चला कि बोलेरो में कोई अधिकारी या पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। इसके बाद उसे ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने बहजोई थाने में दो नामजद और आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी राजीव मलिक ने बताया कि ट्रैक्टर रोककर 60 हजार रुपये लेने की शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


