तेज रफ्तार ट्रक नहर में गिरा, तीन की दर्दनाक मौत
कटर मशीन से निकाले गए शव, तीन घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सतना, (जनवार्ता)। मध्य प्रदेश के सतना जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-39 स्थित नेमुआ मोड़ पर सरिया से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक रायपुर से सरिया लेकर सतना की ओर आ रहा था। इसी दौरान नेमुआ मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। ट्रक पुलिया तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरा, जिससे उसमें सवार चालक, क्लीनर और एक मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शव उसमें बुरी तरह फंस गए। शवों को बाहर निकालने के लिए क्रेन और कटर मशीन का सहारा लेना पड़ा।
करीब तीन घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद तीनों शवों को बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतकों में दो की पहचान दिलीप केवट (निवासी ग्राम पडरी, जिला मैहर) और विष्णु केवट (निवासी रामगढ़, जिला मैहर) के रूप में हुई है। तीसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रक का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है।

