हिस्ट्रीशीटर का बगीचे में मिला शव,आत्महत्या की आशंका
आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के केशवपुर महमूद पट्टी गांव निवासी 28 वर्षीय नागेंद्र यादव उर्फ शिवा राजा का शव मंगलवार सुबह एक बगीचे में गोली लगे अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जता रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार, गांव के दक्षिण दिशा स्थित मुबारकपुर थाना क्षेत्र के जमुआ स्थित एक बगीचे में नागेंद्र यादव का शव मिला। परिजनों का दावा है कि उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से दाहिनी कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या की। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी आस्था जायसवाल, जीयनपुर कोतवाल विनय कुमार सिंह, मुबारकपुर पुलिस तथा फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
नागेंद्र यादव उर्फ शिवा राजा क्षेत्र की सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय था। वह पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) रह चुका था और आगामी ग्राम प्रधान चुनाव की तैयारी में जुटा था। पुलिस अभिलेखों के अनुसार वह जीयनपुर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर था तथा उसके खिलाफ विभिन्न मामलों में नौ मुकदमे दर्ज थे।
मृतक के परिवार में पिता हरेंद्र यादव, माता सोना देवी और भाई प्रवीण यादव सहित अन्य सदस्य हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक कलह के चलते आत्महत्या की बात सामने आ रही है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।

